बीकानेर, 25 अक्टूबर। नगर निगम द्वारा बीकानेर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में 92.14 करोड़ तथा पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में 181.64 करोड़ रूपए के स्वीकृत कार्यों की निविदाएं जारी करने की प्रक्रिया शीघ्र प्रारम्भ की जाएगी।
महापौर नारायण चोपड़ा ने बताया कि अमृत योजना के तहत सीवरेज के लिए चयनित शिवबाड़ी जोन तथा गंगाशहर जोन वाले वार्डों के कार्य वर्तमान में लम्बित रखे गए हैं। स्वीकृत कार्य नवीन डामर सीसी रोड व नाली क्रॉस निर्माण के हैं। निगम आयुक्त निकया गोहाएन ने बताया कि निगम द्वारा 14 वें वित्त आयोग की धनराशि से 2.73 करोड़ रूपए के निर्माण व विकास कार्य इन विधानसभा क्षेत्रों के लिए स्वीकृत किए गए, जिनकी वित्तीय स्वीकृतियां जारी की जा चुकी हैं।
——–
मारूति सुजुकी में अप्रेंटिस हेतु परीक्षा 26 अक्टूबर को
बीकानेर, 25 अक्टूबर। मारूति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, पालम गुड़गांव के द्वारा आईटीआई उत्तीर्ण छात्रों को अप्रेंटिस रखा जाएगा।
औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के आचार्य ने बताया कि इसके लिए कैम्पस इंटरव्यू व लिखित परीक्षा 26 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे राजकीय आईटीआई बीकानेर में होगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015, 16 व 17 में अपीयर्ड (केवल राजकीय आईटीआई से उत्तीर्ण) अभ्यर्थी, जिनका व्यवसाय इलेक्ट्रेशियन, फिटर, मशीनिष्ट, मैकेनिक मोटर व्हीकल, टूल एंड डाई मेकर, पेंटर, गैस व इलेक्टि्रक वेल्डर, फाउन्ड्रीमैन, डीजल मैकेनिक हो, वे अपने फोटो, आईडी, आधार व आवश्यक मूल प्रमाण पत्रों सहित उपस्थित हो सकते हैं।
———
निःशक्तता प्रमाणन शिविर में158 दिव्यांगजन का रजिस्ट्रेशन एवं 48 का प्रमाणन
बीकानेर, 25 अक्टूबर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय विशेष योग्यजन शिविर 2017 द्वितीय चरण के तहत बुधवार को निःशक्तता प्रमाणन शिविर का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, खाजूवाला में हुआ।
उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग एल.डी.पंवार ने बताया कि शिविर में 158 दिव्यांगजन का रजिस्ट्रेशन एवं 48 का प्रमाणन किया गया। 56 प्रकरण पीबीएम अस्पताल को रेफर किये गये। शिविर में रोडवेज विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, रोजगार विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि दिव्यांगजन विभिन्न गांवों-चकों से निःशक्तता प्रमाण शिविर में आए। ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी पवन सारस्वत, सीएचसी प्रभारी डॉ. अमरचन्द बुनकर, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रदीप शर्मा, मानसिक रोग विशेषज्ञ डॉ. राकेश गढ़वाल, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी सुरेन्द्र, नरेश कुमार, समाजसेवी सदीक हुसैन, कैलाश कुमार मेहरा आदि द्वारा सेवाऎं प्रदान की गईं। आगामी शिविर 7 व 23 नवम्बर और 6 दिसम्बर को आयोजित किये जायेंगे।
——–
बूंदी में जिला स्तरीय उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला 6 से 15 नवम्बर तक
बीकानेर, 25 अक्टूबर। बूंदी में जिला स्तरीय उद्योग एवं हस्तशिल्प मेला 6 से 15 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा। जिला उद्योग केन्द्र के संयुक्त निदेशक आर के सेठिया ने बताया कि मेले में भाग लेने के इच्छुक दस्तकार, उद्यमी व शिल्पकार अपने उत्पादों के प्रदर्शन व बिक्री के लिए जिला उद्योग केन्द्र बीकानेर से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं।