बीकानेर 27 अक्टूबर। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के पूर्व उप महानिदेशक (पशु विज्ञान) डॉ. एम.एल. मदान ने शुक्रवार को वेटरनरी विश्वविद्यालय का भ्रमण कर पशुचिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान, उपलब्ध सुविधाओं और प्रगति कार्यों का जायजा लिया। वेटरनरी कॉलेज के अधिष्ठाता प्रो. त्रिभुवन शर्मा ने पशुचिकित्सा एंव पशु विज्ञान में शिक्षा और अनुसंधान कार्यों के बारे मंे विस्तृत जानकारी दी। वेटरनरी विश्वविद्यालय मथुरा और महाराष्ट्र वेटरनरी विश्वविद्यालय नागपुर के पूर्व कुलपति रहे डॉ. मदान ने यहां के पशु शल्य चिकित्सा विभाग में सीटी स्केन सुविधा की भूरि-भूरि प्रशंसा की। राजुवास पोल्ट्री फार्म में विभिन्न प्रजातियों के पशु-पक्षियों के पालन और छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक उन्नयन के लिए इसकी उपयोगिता के बारे में प्रो. त्रिभुवन शर्मा से जानकारी प्राप्त की। डॉ. मदान ने सूक्ष्म जैव तकनीकी और पशु शरीर क्रिया विज्ञान विभागों में किए जा रहे अनुसंधान कार्यों को देखकर उन्हें उच्च कोटि का बताया। उन्होंने राजुवास के पशु पोषण विभाग में उन्नत प्रयोगशाला उपकरणों और चारे की गुणवत्ता जांच कार्यों को सराहा और यहां पर औषधीय उपयोग की वनस्पति पर किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उल्लेखनीय है कि डॉ. मदान बीकानेर में आई.सी.ए.आर. की क्यू.आर.टी. टीम के अध्यक्ष के रूप में भेड़ व ऊन अनुसंधान केन्द्र में हो रहे कार्यों के निरीक्षण हेतु बीकानेर पधारे हैं।
समन्वयक
जनसम्पर्क प्रकोष्ठ