बीकानेर, 20 नवम्बर। जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को कलक्टे्रट सभागार में बीस सूत्रीय कार्यक्रम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। गुप्ता ने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम के तहत निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध रूप से प्राप्त किए जाएं, इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाए।
प्रगति समीक्षा- बैठक के दौरान बताया गया कि गरीबी हटाओ कार्यक्रम के तहत अक्टूबर माह तक 3 लाख 11 हजार 270 जॉब कार्ड जारी किए गए हैं व 1 लाख 37 हजार 113 रोजगार सृृजन हुआ है। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत अक्टूबर माह में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत आवंटित 4 हजार 774 टन खाद्यान्न तथा अन्त्योदय अन्न योजना में 827 टन खाद्यान्न वितरित कर दिया गया है। बाल कल्याण योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में 1 हजार 437 आंगनबाड़ी केन्द्र कार्यशील हैं, जिनके तहत अक्टूबर माह में 64 हजार 447 बच्चों सहित अब तक कुल 4 लाख 40 हजार 413 बच्चों को लाभान्वित किया गया है।
जन जन का स्वास्थ्य योजना के तहत अक्टूबर माह तक 24 हजार 496 बच्चों को टिटनेस के, 21 हजार 30 बच्चों को डीपीटी, 26 हजार 486 को बीसीजी, 22 हजार 897 को मीजल्स व 21 हजार 30 बच्चों को पोलियो के टीके लगाए गए। इस अवधि में 20 हजार 987 संस्थागत प्रसव हुए। पर्यावरण संरक्षण एवं वन वृद्धि कार्यक्रम के तहत सार्वजनिक व वन विभाग की 798. 33 हैक्टयर भूमि पर वृक्षारोपण किया गया है। ग्रामीण सड़क योजना के तहत अब तक 90. 79 किलोमीटर सड़काें का निर्माण किया गया है। ग्रामीण ऊर्जा कार्यक्रम के तहत राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना में एक गांव को विद्युतीकृत किया गया है, 1 हजार 288 ऊर्जीकृत पम्प सेट लगाए गए हैं।
बैठक में बताया गया कि अनुसूचित जाति परिवारों को सहायता के तहत जोधपुर डिस्कॉम द्वारा अब तक 417 कृषि कनेक्शन व 1 औद्योगिक कनेक्शन किया गया है, कृषि विभाग द्वारा अब तक लगभग 3 हजार मिनी किट वितरित किए गए हैं। उद्योग विभाग द्वारा 90 आर्टिजन व 80 बुनकरों को परिचय पत्र दिए गए हैं। अनुजा निगम द्वारा अरबन पोप योजना के तहत 28 तथा रूरल पोप योजना के तहत 31 व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया है।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) यशवंत भाकर, अतिरिक्त जिला कलक्टर (नगर) शैलेन्द्र देवड़ा, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सिंह राजावत, डीएफओ आशु सिंह, सांख्यिकी उपनिदेशक दीपक गोस्वामी, सानिवि अधीक्षण अभियंता बसंत आचार्य, जोधपुर डिस्कॉम अधीक्षण अभियंता हवासिंह, उपनिदेशक कृृषि डॉ. उदयभान सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।