अगले 2 साल और सशक्त स्वरुप में जारी रहेगी भलाई की सप्लाई
लाभार्थियों के साथ मनाई भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना की दूसरी वर्षगांठ
***************************
बीकानेर। राज्य सकरार की महत्वाकांक्षी भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के 2 वर्ष पूरे होने पर विभाग द्वारा योजना का जन्मोत्सव योजना के लाभार्थियों के साथ मनाया गया। बुधवार को पीबीएम के आचार्य तुलसी कैंसर हॉस्पिटल में योजना के भर्ती उपचार ले रही नोहर की फिरदौस ने केक काट कर जनकल्याण की अनुपम योजना का धन्यवाद दिया। डीपीएम सुशील कुमार व आईईसी समन्वयक मालकोश आचार्य ने अस्पताल में भर्ती मरीजों व उनके परिजनों को योजना के नवीन प्रावधानों व फायदों की जानकारी दी तथा भर्ती मरीजों में से एनएफएसए लाभार्थियों की पड़ताल भी की। इस अवसर पर एनपीपीसीडी के राजेन्द्र खदाव, एनओएचपी के संजय शर्मा, नंदलाल शर्मा व भामाशाह मार्गदर्शक मौजूद रहे।
2 साल में 65,660 व्यक्तियों को 48 करोड़ से ज्यादा का लाभ
सीएमएचओ डॉ. देवेन्द्र चौधरी ने बताया कि बीएसबीवाई बीकानेर सहित पूरे राज्य में बड़ी सफल योजना सिद्ध हुई है। योजनान्तर्गत 2 साल में 65,660 व्यक्तियों को 48 करोड़ से ज्यादा का लाभ बीकनेर के जिले में दिया जा चुका है जबकि पूरे राज्य के लिए ये आंकड़ा 16 लाख लाभार्थी व 956 करोड़ के क्लेम से पार जाता है। जिले में पीबीएम अस्पताल में 32,266 व्यक्तियों को 29,58,41,483 रूपए, जिला अस्पताल में 2,886 व्यक्तियों को 62,41,750 रूपए, 13 ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर 20,438 व्यक्तियों को 4,71,97,850 रूपए व सूचीबद्ध 9 निजी चिकित्सालयों पर 10,070 व्यक्तियों को 13,87,30,641 रूपए के बराबर राशि का निःशुल्क व कैशलेस उपचार व ऑपरेशन का लाभ मिला।
अगले 2 साल के लिए हुआ एमओयू
डीटीओ डॉ. सीएस मोदी ने बताया कि बीएसबीवाई अगले 2 साल भी आमजन को लाभान्वित करती रहेगी। न्यू इण्डिया एश्योरेंस कंपनी व राजस्थान स्टेट हेल्थ एजेंसी के बीच हुए करार के मुताबिक राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना यानिकी एनएफएसए के लाभार्थियों को भामाशाह कार्ड से पहचान द्वारा योजना का लाभ मिलेगा। प्रत्येक परिवार को सामान्य बीमारियों में 30,000 रूपए व चिन्हित गंभीर बीमारियों के लिए 3,00,000 रूपए का स्वास्थ्य बीमा कवर फ्लोटर बेसिस पर मिलेगा। योजना को और भी विस्तार दिया गया है और अनेक पैकेज को एक साथ करते हुए कुल 1401 प्रकार की बीमारियों के उपचार पैकेज उपलब्ध रहेंगे।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
बीकानेर