कपिल सरोवर के 6 घाटों से हटाया प्लास्टिक कचरा

बीकानेर, 17 मई। वन एवं पर्यावरण मंत्रालय भारत सरकार की ग्रीन कोर शाखा बीकानेर व राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड बीकानेर के संयुक्त तत्वावधान में कोलायत के कपिल मुनि सरोवर में गुरूवार को इस संदर्भ में प्लास्टिक मुक्त अभियान चलाया गया। सरोवर के 6 घाटों से प्लास्टिक के कचरे को एकत्रित किया गया।
अभियान का शुभारम्भ कोलायत के राजस्व तहसीलदार हुकमचंद शेखावत ने घाटों से प्लास्टिक कचरे को हटाकर किया। शेखावत ने कहा कि ईको क्लब तथा स्काउट गाइड का यह कार्य अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण प्रदूषण का एक अहम कारण प्लास्टिक कचरा है। अभियान के संचालक जसवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि इस कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय झझू, बज्जू, कोलायत व बीकानेर के विभिन्न स्काउट एवं ईको क्लब के सदस्यों ने सहभागिता की। उन्होंने बताया कि विश्व पर्यावरण दिवस 2018 यूनाईटेड नेशंस एन्वायरनमेंट द्वारा 5 जून को विश्व भर में मनाया जाएगा। इस वर्ष पर्यावरण दिवस की थीम प्लास्टिक प्रदूषण उन्मूलन रखी गई है व आयोजन की मेजबानी भारत द्वारा की जा रही है।
स्थानीय संघ कोलायत के सचिव किशनाराम कांटिया, स्काउटर नरसिंह सोढ़ा, रामेश्वरलाल मारू, भंवरलाल गर्ग, प्रतापदास, विमला रामावत ने ग्रुप के साथ मार्गदर्शन किया। भंवरलाल खैरीवाल, नंदकिशोर सेवग, दाउदयाल पंचारिया आदि ने सहयोग प्रदान किया। सीओ गाइड मीनाक्षी भाटी ने आभार व्यक्त किया। सहायक राज्य संगठन आयुक्त घनश्याम व्यास ने बताया कि 15 मई से प्रारम्भ इस प्लास्टिक मुक्त अभियान के तहत नेशनल ग्रीन कोर के माध्यम से प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिसके तहत जागरूकता रैलियां, प्रतियोगिताएं व प्रति सप्ताह एक दिन कोलायत सरोवर पर श्रमदान किया जाएगा। यह कार्यक्रम 5 जून तक चलाया जाएगा।
—–
अकादमी अध्यक्ष डॉ. तत्पुरूष शुक्रवार को बीकानेर आएंगे
बीकानेर, 17 मई। राजस्थान साहित्य अकादमी अध्यक्ष डॉ. इन्दुशेखर तत्पुरूष शुक्रवार को रात्रि 11 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। वे 19 व 20 मई को अखिल भारतीय साहित्य परिषद के साहित्यकार सम्मेलन में शामिल होंगे। वे 20 मई को सांय 6 बजे उदयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।
—–

error: Content is protected !!