खसरा-रूबेला टीकाकरण में सहयोग नहीं दिया तो होगी कार्यवाही-गौतम

बीकानेर, 29 जुलाई। जिला कलेक्टर कुमार पाल गौतम ने कहा है कि बच्चों को खसरा-रूबेला से मुक्त कराने के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान में सरकारी व निजी विद्वालयों द्वारा सहयोग दिया जाए। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए गौतम ने कहा कि इस सम्बंध में कई शिकायतें मिल रही है कि स्कूलों में शिक्षकों द्वारा टीकाकरण अभियान में समुचित सहयोग नहीं किया जा रहा है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करते पाए जाने पर सम्बंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। बीकानेर स्थित टैगोर पब्लिक मैमोरियल स्कूल तथा श्रीडूंगरगढ़ स्थित एक निजी स्कूल द्वारा सहयोग नहीं करने की शिकायत पर जिला कलक्टर ने स्कूल को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि इसके बावजूद सहयोग नहीं दिया गया तो विद्वालय की मान्यता रद्द करने के सम्बंध में शिक्षा विभाग कार्यवाही करेगा। जिले में इस अभियान के तहत अब तक 84 प्रतिशत कार्य किया गया है। जिला कलक्टर ने राजश्री, जननी सुरक्षा योजना के तहत लम्बित प्रकरणों के एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने कहा कि सम्पर्क पर लम्बित प्रकरणों के निस्तारण में संवेदनशीलता की कमी दिखाई दे रही है। आमजन के हितों से जुड़े प्रकरणों के निस्तारण में ढिलाई नहीं हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। ग्रामीण विकास विभाग की प्रगति पर जिला कलक्टर ने असंतोष जताते हुए कहा कि शिकायत निवारण तंत्र को मजबूत करने के प्रयास किए जाए। रुटीन में किए जाने वाले कार्यों की गुणवत्ता तथा गति बढ़ाई जाए। इससे शिकायतें भी कम आएगी और आम लोगों की परेशानी भी कम होगी। जिला कलक्टर ने जल शक्ति अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए अब तक हुई प्रगति पर नाराजगी जताई तथा सीईओ जिला परिषद को योजना की रोजाना प्रगति रिपोर्ट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल शक्ति अभियान में स्थानीय एनजीओ, सक्रिय नागरिकों, भामाशाहों की भागीदारी लें तथा सीएसआर के माध्यम से भी कार्य करवाए जाएं।
सम्पर्क प्रकरणांे के निस्तारण की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
जिला कलक्टर ने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत बकाया भुगतान वितरण के लिए बुधवार का आयोजित होने वाले शिविरों में भुगतान वितरण सुनिश्चित हों। उन्होंने कहा कि वे स्वयं औचक निरीक्षण कर दो शिविरों का जायजा लेंगे। जिला कलक्टर ने बीएडीपी के तहत अगले वर्षे की कार्ययोजना के तहत प्लान मंगलवार तक भिजवाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 11 हजार 495 सेंक्शन जारी कर दी गई है शेष भी शीघ्र जारी कर दी जाएगी। जिला कलक्टर ने कहा कि पीडब्ल्यूडी भूमि अधिग्रहण के सम्बंध में माॅनिटरिंग करते हुए हर सप्ताह रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
देशनोक, नोखा ईओ देंगे स्पष्टीकरण
गौतम ने वृद्धावस्था पेंशन, विभिन्न डिजीटल प्रमाण पत्रों व सामाजिक सुरक्षा की विभिन्न योजनाओं में डिजीटल पेंडेंसी की समीक्षा करते हुए कहा कि जिस भी स्तर पर ऐसे प्रकरण लम्बित है वहां से शीघ्रातिशीघ्र निस्तारित हो अन्यथा सम्बंधित अधिकारी के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। जिला कलक्टर ने पेंशन सत्यापन की धीमी प्रगति पर देशनोक व नोखा ईओ को मंगलवार को प्रस्तुत होकर स्पष्टीकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पालनहार सहित विभिन्न योजनाओं में यदि किसी प्रकार का आॅब्जेशन आता है तो इसकी जांच की जाए कि कहीं आॅब्जेक्शन गलत इरादे से तो नहीं लगाए जा रहे हैं। उन्होंने श्रम विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभिन्न योजनाओं में लम्बित प्रकरणों का निस्तारण करें, विशेष तौर पर वे 40 प्रकरण जिनमें श्रमिकों की मृत्यु हो चुकी है उन्हें अगले शुक्रवार तक निस्तारित कर परिजनों को राहत दें।
जिला कलक्टर ने कहा कि विभागांे में आमजन के हितों से जुड़े जो नीतिगत मामले हैं, जिनमें सुधार की गुंजाइश है वे शेयर किये जाएं ताकि राज्य सरकार को इनसे अवगत करवाया जा सके। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप के गावंडे, भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारी अभिषेक सुराणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!