उदयपुर। भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं विधायक किरण माहेश्वरी नें कहा कि शहीद कांस्टेबिल स्व सोहनलाल रेगर की प्रतिमा राजसमंद में मोही मार्ग पर रेल्वे क्रॉसिंग के पास विकसित किए जा रहे चौराहे पर स्थापित की जाए। यहां पर एक लघु वाटिका भी विकसित की जाए। किरण नें इस संदर्भ में स्वायत शासन मंत्री एवं जिला कलक्टर को पत्र लिख कर आग्रह किया है।
ज्ञातव्य है कि कांस्टेबिल स्व श्री सोहनलाल रेगर की मृत्यु कुख्यात अपराधी भानुप्रताप दो साल पूर्व कुख्यात गैंगस्टर भानुप्रताप सिंह को पेशी पर झालावाड़ ले जाते वक्त भीलवाड़ा में भानुप्रताप की विरोधी गैंग के शिवराज सिंह व उसके साथियों ने फायरिंग कर भानुप्रताप सिंह की हत्या कर दी थी। मुठभेड़ में पुलिस कमांडो सोहनलाल रेगर व उदयपुर के प्रकाश खटीक मारे गए थे। राज्य सरकार नें इन्हें शहीद की मान्यता दी है।
शहीद की स्मृति में हो मोही के चिकित्सालय का नामकरण
किरण नें पत्र में मांग की मोही ग्राम के प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अथवा राजकीय विद्यालय का नामकरण शहीद सोहनलाल रेगर की स्मृति में उनके नाम पर किया जाए। गृह विभाग नें 2 वर्ष पूर्व शहीद के नाम पर किसी एक विद्यालय अथवा चिकित्सालय का नामकरण करने के निर्देश दिए थे। यह क्षोभ का विषय है कि अभी तक भी इन निर्देशों की पालना नहीं की गई है।
शहीदों के सम्मान की अनदेखी न हो
किरण नें कहा कि राज्य सरकार शहीदों के सम्मान के प्रति पूर्ण संवेदनशीलता दिखाए। उनके लिए की गई घोषणाओं की किर्यान्विति में कोई विलम्ब नहीं हो। दो वर्षों के उपरांत भी गृह विभाग के विशिष्ट निर्देशों की पालना नहीं होना शहीद के प्रति असम्मान ही है। सरकार यह सुनिश्चित करें कि शहीदों के सम्मान की किसी भी स्तर पर अनदेखी नहीं हो।