ग्रामीण क्षेत्रों में सुधारे पानी, बिजली और सड़क की व्यवस्थाएं

जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए मलिक ने ली नसीराबाद,सरवाड और केकड़ी में उपखण्ड स्तरीय बैठक
टांटोटी और केकड़ी में किया भामाशाह शिविरों का निरीक्षण भामाशाह नामांकन में तेजी लाने के निर्देश
aarushi a malik thumbअजमेर। जिला कलक्टर डॉ. आरूषि मलिक ने अधिकारियों को जिले में पानी बिजली और सड़क से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी संवेदनशील होकर जनता की समस्याएं सुने और उनका निराकरण करें। उन्होंने सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डॉ. आरूषि ए. मलिक ने सोमवार को नसीराबाद, सरवाड़ और केकड़ी उपखण्ड स्तरीय बैठक ली। उन्होंने नसीराबाद में बस स्टैण्ड और राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया । जिला कलक्टर ने टांटोटी और केकड़ी में भामाशाह शिविरों का निरीक्षण कर भामाशाह नामांकन में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने नसीराबाद उपखण्ड अधिकारी कार्यालय में बैठक लेकर स्थानीय समस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की । उपखण्ड अधिकारी से क्षेत्र में चल रहे भामाशाह शिविरों की जानकारी ली तथा उपखण्ड कार्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने भामाशाह योजना के तहत नामांकन की जानकारी ली तथा कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने नसीराबाद उपखण्ड क्षेत्र में बिजली, पानी, सड़क और चिकित्सा व्यवस्थाओं से जुड़े अधिकारियों से चर्चा की और व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अधिकारी समय पर जलापूर्ति, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराकर तथा बिजली से जुड़े मुद्दों के तुरन्त निराकरण पर ध्यान दें। उन्होंने उपखण्ड अधिकारी श्री जयप्रकाश नारायण तथा सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्रों की सड़कों का मुआयना करें और खराब सड़कों का तुरन्त नवीनीकरण व मरम्मत कराएं। चिकित्सक मुख्यालय पर रहें। पुलिस विभाग के अधिकारियों को यातायात से संबंधित समस्याओं को निस्तारित करने के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने नसीराबाद बस स्टैण्ड और मुख्य सड़क का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस स्टैण्ड और सड़क की मरम्मत के लिए तुरन्त प्रस्ताव बनावाकर भिजवाएं। उन्होंने बस स्टेण्ड पर उपस्थित स्थानीय लोगों को सफाई के प्रति प्रेरित किया और खुद भी सफाई की। जिला कलक्टर ने नसीराबाद स्थित राजकीय चिकित्सालय का निरीक्षण किया तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश खत्री सहित चिकित्सकों को सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने दोपहर में टांटोटी में चल रहे भामाशाह नामांकन शिविर का निरीक्षण तथा अधिकारियों को काम काज में तेजी लाने के निर्देश दिए। यहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को भी सुना और उपखण्ड अधिकारी को इनके निराकरण के निर्देश दिए।
जिला कलक्टर डॉ. मलिक ने केकड़ी उपखण्ड कार्यालय में अधिकारियों की बैठक ली तथा उनको समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए। केकड़ी क्षेत्र में पानी व बिजली की आपूर्ति, सरकारी चिकित्सालयों में चिकित्सक सुविधाओं की उपलब्धता और सड़कों स्थिति समीक्षा की। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों से भी कानून व्यवस्था के बारे में चर्चा की। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए की जनता की समस्याओं को ध्यान से सुनकर उनका तुरन्त निराकरण करें। उन्होंने नगर पालिका में चल रहे भामाशाह नामांकन शिविर का भी निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर डॉ. मलिक ने सरवाड़ में उपखण्ड स्तरीय बैठक में सरवाड़ के आसपास इलाकों को जोडऩे वाली सड़कों की दुरदर्शा पर भी नाराजगी जताई। जिला कलक्टर ने सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की इन सड़कों से संबंधित ठेकेदारों को नोटिस दे और शीघ्र इनकी मरम्मत कराएं। उन्होंने सरवाड में भी बिजली, पानी, चिकित्सा, शिक्षा मिड डे मील सहित अन्य सरकारी विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। इस अवसर पर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता श्री वी.के.शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश खत्री सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।

error: Content is protected !!