संभागीय आयुक्त ने सहकारिता विभाग को दिए निर्देश
जिले के लोगों को एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगे उच्च गुणवत्ता के मसाले एवं हर्बल उत्पाद

अजमेर, 10 मार्च। संभागीय आयुक्त डाॅ. धर्मेन्द्र भटनागर ने सहकारिता विभाग को कृषि एवं उद्योग विभाग के साथ मिलकर अजमेर में मसाला मेला आयोजित किए जाने के निर्देश दिए हैं। इय आयोजन से अजमेर संभाग सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में मसाला उत्पादक किसानों को मंच तथा जिले के नागरिकों को एक ही स्थान पर उच्च गुणवत्ता के मसाले एवं हर्बल उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही सहकारिता विभाग सीधे किसानों से सम्पर्क स्थापित कर उनकी सब्जियां भी डेयरी बूथ एवं अन्य स्थानों पर सस्ती दरों पर विक्रय करने के पायलट प्रोजेक्ट पर भी काम करेगा।
संभागीय आयुक्त डाॅ. भटनागर ने मंगलवार को अपने कार्यालय में सहकारिता विभाग की संभाग स्तरीय बैठक में विभिन्न कार्यांे की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अजमेर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में जीरा, मेथी, मिर्च, हल्दी, धनिया, इसबगोल एवं अन्य मसालों की खेती होती है। मसाला उत्पादक किसानों को मंच उपलब्ध कराने, इन मसालों की मार्केटिंग एवं आम जनता को एक ही स्थान पर उच्च गुणवत्ता के मसाले उपलब्ध कराने के लिए अजमेर में मई माह के प्रथम सप्ताह में मसाला मेला आयोजित किया जाएगा। यह मेला सहकारिता विभाग द्वारा कृषि एवं उद्योग विभाग के सहयोग से आयोजित होगा।
संभागीय आयुक्त ने सहकारिता विभाग को निर्देश दिए कि महाराष्ट्र की तर्ज पर अजमेर में भी सरस डेयरी बूथ व सहकारिता से जुड़े अन्य संस्थानों पर स्थानीय किसानों से संपर्क कर सस्ती दर पर सब्जियां उपलब्ध कराने का कार्य पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया जाए। महाराष्ट्र में इस तरह का प्रयोग सफल रहा है और वहां किसानों को उत्पाद के अच्छे दाम मिल रहे है तथा जनता को भी ताजा सब्जियां कम कीमत पर मिल पा रही हैं।
डाॅ. भटनागर ने सहकारिता से जुड़े विभिन्न कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने विभाग को सहकारिता से जुड़े बैंको में एटीएम, आॅनलाईन बैंकिंग एवं अन्य आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। बैठक में विभाग के अतिरिक्त निदेशक श्री शकील अहमद सहित अजमेर, नागौर, टोंक एवं भीलवाड़ा के अधिकारी उपस्थित थे।