अजमेर। देहात कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि संभाग के सबसे बड़े जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में चंद घंटो में कई बच्चों की मौत दुर्भाग्यपूर्ण है। राज्य सरकार को इन मौतों कि उच्च स्तरीय जाँच करवा कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करनी चाहिये। अस्पताल में यह स्थिति तब है जब मात्र दो दिन पहले ही टी.बी. अस्पताल में एक मरीज जिन्दा जलकर मर गया। इतने खराब हालात को भी सरकार गंभीरता से नहीं ले रही, आजतक टी.बी. अस्पताल प्रकरण में कार्यवाही करना तो दूर किसी भी जिम्मेदार अधिकारी को नोटिस तक नहीं दिया गया। राठौड़ ने भाजपा शासन को आड़े हाथो लेते हुए कहा की शासन का नरम रवैया आम मरीजो को मौत के मुँह में धकेल रहा है।
देहात अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह राठौड़ ने आज जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय के शिशु वार्ड में 6 घंटो में 5 बच्चों की मौत के बाद यह प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले ही टी.बी. अस्पताल में एक मरीज जिन्दा जलकर मर गया। लेकिन सरकार और प्रशासन के कान पर जू तक नहीं रेंगी। पूर्व मंत्री नसीम अख्तर व युवा कांग्रेसजनो ने शिशु वार्ड का दौरा किया तो कई अनियमितताएँ सामने आई। नवजात शिशुओं के वार्ड में न तो ए.सी. लगा था और फफूंद लगे गद्दों पर मरीजो को सुलाया जा रहा था। शौचालय गंदे थे। यहाँ तक की मरीजो के घावों से हटाई जाने वाली पट्टियों को भी नहीं हटाया जाता, जिसकी वजह से संक्रमण पूरे अस्पताल में फ़ैल चुका हैं। चिक़ित्सक रात को कभी वार्डों में नहीं आते और ना ही दिन में दिखाई देते है। चिकित्सको का ध्यान घर पर मरीजो को देखने में ज्यादा होता है। चिकित्सालय में मरीजो से इनका कोई लेना-देना नहीं है। चिकित्सक बेख़ौफ़ होकर अपनी कमाई करने में जुटे है। इस घटना के लिये चिकित्सको के साथ-साथ प्रशासन भी बराबर का दोषी है। इस मामले में मृत बच्चों का पोस्टमार्टम भी नहीं किया गया, जिससे कारण सच भी सामने नहीं आ पाया। पूरे मामले में दोषियों के खिलाफ कार्यवाही करने कि माँग की है।
भूपेंद्र सिंह राठौड़
अध्यक्ष
अजमेर जिला देहात कांग्रेस कमेटी