बीकानेर। डूंगर कॉलेज में युवा विकास केन्द्र एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को पर्यावरण विषयक व्याख्यान आयोजित किया गया। पूर्व उपाचार्य एवं उप निदेशक कॉलेज शिक्षा डॉ. सरस्वती विश्नोई ने मुख्य वक्ता के रूप में सम्बोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण एवं चेतना वर्तमान समय की प्रासंगिकता है। उन्होंने पर्यावरण प्रदूषण से बढ़ते हुए तापमान पर चिन्ता व्यक्त की। उन्हांने पारिस्थितिकी तंत्रा के जैविक एवं अजैविक घटकों के संरक्षण पर बल दिया। उन्हांने कहा कि यदि इसी प्रकार निरन्तर तापमान बढ़ता रहा तो ग्लेशियर पिघलते रहेंगे और समुद्र में पानी का स्तर बढ़ता जाएगा, जिससे तटीय इलाकों में खतरे की आशंका बनी रहेगी। सहायक निदेशक कॉलेज शिक्षा डॉ. दिग्विजय सिंह ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया।
इस अवसर पर डॉ. विश्नोई का शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए डॉ. अनिला पुरोहित ने समारोह की रूपरेखा प्रस्तुत की। महिला प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. इन्द्रा विश्नोई ने विषय प्रवर्तन किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. बेला भनोत ने महिला प्रकोष्ठ को बधाई देते हुए निरन्तर इस प्रकार के कार्यक्रम करने की प्रेरणा दी। उपाचार्य डॉ. सतीश कौशिक ने सभी अतिथियों एवं आगन्तुकों का आभार प्रकट किया।