अजमेर, 22 अगस्त। विधायक अजमेर उत्तर वासुदेव देवनानी ने मंगलवार को 20 लाख रूपए की लागत से वार्ड 4 व 45 में सड़क व नाली निर्माण आदि विकास कार्यों का शुभारम्भ किया।
देवनानी ने बताया कि वार्ड 4 में बड़ी नागफणी क्षेत्र की तीनों गलियों व तेलियों की बगीची रोड़ पर नालियां क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्रवासियों को बहुत परेशानी हो रही थी। क्षेत्रवासियों की राहत देने के लिए नगर निगम द्वारा स्वीकृत 10 लाख की राशि से नाली निर्माण के कार्य का शुभारम्भ किया गया। इसके अतिरिक्त वार्ड 45 में कुन्दन नगर क्षेत्र में स्थित भील बस्ती के निवासियों की सुविधा के लिए 10 लाख की राशि से सी.सी. सड़क के निर्माण कार्य का शुभारम्भ भी किया गया।
इन दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए देवनानी ने कहा कि भाजपा हमेशा से सेवा व विकास में विश्वास करती है। उन्होंने स्वयं व पार्षदों ने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार से सहयोग नहीं मिलने के बाद भी वे विकास में कोई कमी नहीं आने देंगे।
इस अवसर पर निवर्तमान पार्षद राजेन्द्र सिंह पंवार व जे.के. शर्मा के अतिरिक्त सियाराम, सुरेश नवाल, गोविन्द, रमेश बडगुर्जर, करणवीर, सुनीलसिंह राजावत, सीताराम आदि भाजपा कार्यकर्ता व क्षेत्रवासी उपस्थित थे।