अजमेर 13 जून। आगामी मानसून के दौरान जल भराव से बचाव के संबंध में जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने शनिवार को नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्या के तथा निगम के अधिकारियों के साथ नाले सफाई कार्य तथा शहर के विभिन्न स्थानों का अवलोकन किया। किसी स्थान पर सफाई नहीं होने की स्थिति में संबंधित सफाई निरीक्षक एवं स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस देने के निर्देश प्रदान किए।
जिला कलक्टर श्री लोकबंधु ने कचहरी रोड़, पाल बीसला, श्रीनगर रोड़, नसीराबाद रोड़, ब्यावर रोड़, तारागढ़ रोड़, अजयनगर, नागफणी, वरूण सागर रोड़, दयानन्द कॉलोनी, बी.के.कॉल नगर क्षेत्र का जायजा लिया। इन क्षेत्रों में मानसून के दौरान जल भराव की समस्या को कम करने के लिए आवश्यक निर्देश प्रदान किए। इन क्षेत्रों से जल निकासी में आने वाली बाधाओं को अभी से पूरा करने के लिए कहा ।
उन्होंने अजयनगर नाले के शुरूआत के स्थान पर जाकर नाला सफाई के कार्य को देखा। इसी प्रकार नागफणी नाले तथा बांडी नदी के प्रवाह की सफाई का भी अवलोकन किया। शहर के समस्त नालों की सफाई मानसून से पूर्व पूर्ण करने के लिए कहा। नालों की आवश्यकतानुसार मरम्मत भी की जानी चाहिए। इन नालों से निकले मलबे को तत्काल हटाया जाए। नालों में पीछे से कचरा आने की स्थिति में लगातार सफाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि बांडी नदी सहित समस्त बड़े नालों के प्रवाह में किसी प्रकार का अवरोध नहीं रहे। इनका प्रवाह मुक्त होना चाहिए। इनमें समस्त अवरोधों को दूर करें। आवश्कता होने पर अतिरिक्त संसाधन लगाएं। नगर निगम के द्वारा अपने संसाधनों के साथ-साथ संवेदक के संसाधनों का भी उपयोग करना चाहिए। बाढ़ बचाव की तैयारियों के संबंध में भी चर्चा की गई। मानसून से पूर्व इन तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देेश प्रदान किए। क्षेत्र में किसी स्थान पर साफ सफाई नहीं होने की स्थिति में संबंधित स्वास्थ्य अधिकारी एवं सफाई निरीक्षक को नोटिस जारी कर कार्यवाही की जाए।