सात करोड़ की लागत से शहर में लगेंगे हैरिटेज लाइट और डेकोरेटिव पोल
जिने वल्र्ड, तेजा चौक और वरूण सागर तिराहा पर हाईमास्ट लाइट का भी शुभारंभ
अजमेर, 13 जून। अजमेर शहर की सड़कें जल्द ही सुन्दर हैरिटेज लाइट्स और डेकोरेटिव पोल्स से सुसज्जि्त होंगी। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को पुष्कर रोड पर 7 करोड़ की लागत से लगने वाली लाइट्स का शुभारंभ किया। यह कार्य अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा किया जा रहा है।
अजमेर शहर की सड़कों पर अब रोशनी की जगमग होगी एवं इसके सौन्दर्यीकरण में चार चांद लगेंगे। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने 7 करोड़ रुपए की लागत से शहर में 320 डेकोरेटिव पोल और 720 हैरिटेज लाइट्स लगाने के कार्य का विधि-विधान से शुभारंभ कर आमजन को एक बड़ी सौगात दी है।
अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा करवाए जा रहे इस विशेष कार्य की शुरूआत पुष्कर रोड स्थित आदित्य पैलेस से की गई है। इसके साथ ही शहर के प्रमुख चौराहों को रोशन करने के लिए केसर स्वीट्स तिराहा जिनेवल्र्ड, तेजा चौक कोटड़ा एवं वरुण सागर तिराहा पर हाइमास्ट लाइटों का भी भव्य शुभारंभ किया गया है। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अजमेर अब एक नए पर्यटन हब के रूप में तेजी से उभर रहा है।
उन्होंने बताया कि शहर में आने वाले पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुविधा के लिए कई नई टूरिज्म साइट्स विकसित की जा रही हैं। वर्तमान में अजमेर का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा रहा है, जिसमें शहर की ऎतिहासिक विरासत को संजोने के साथ-साथ आधुनिक आवश्यकताओं के अनुरूप बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। राज्य सरकार की प्राथमिकताओं के अनुसार अजमेर में शिक्षा, रोजगार, आईटी, चिकित्सा एवं विविध क्षेत्रों का चहुंमुखी विकास निरंतर गति पकड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि डेकोरेटिव पोल और हैरिटेज लाइट्स लगने से न केवल यातायात सुगम होगा और सुरक्षा बढ़ेगी, बल्कि रात्रि के समय शहर का स्वरूप अत्यंत आकर्षक एवं दर्शनीय नजर आएगा। अजमेर विकास प्राधिकरण को गुणवत्ता के साथ इस कार्य को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि विकास कार्यों का सीधा लाभ यहाँ की जनता को जल्द से जल्द मिल सके।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्री रमेश सोनी, श्री सतीश बंसल, श्री दीपक शर्मा, विक्रम सिंह, रूबी जैन, शेखर उबाना, दीपक काकाणी, मनीष शर्मा एवं अनिल मेघवंशी उपस्थित रहे।