योग से राष्ट्र चेतना एवं आत्मिक उन्नयन का संदेश दे रहा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस काउंटडाउन शिविर
अजमेर।
भारतीय जनता पार्टी अजमेर दक्षिण विधानसभा एवं विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी राजस्थान प्रांत के संयुक्त तत्वावधान में 21 जून अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में संचालित “काउंटडाउन योग शिविर” के अंतर्गत प्रतिदिन योग, भारतीय संस्कृति एवं राष्ट्र चेतना से ओतप्रोत गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज आयोजित सत्र में योग कार्यकर्ताओं द्वारा शिथिलीकरण, विभिन्न योगासन एवं सूर्य नमस्कार का अभ्यास उत्साहपूर्वक किया गया। सूर्य नमस्कार का अभ्यास विनीता यादव द्वारा कराया गया, जिसमें उपस्थित साधकों ने पूर्ण ऊर्जा एवं अनुशासन के साथ सहभागिता निभाई।
इस अवसर पर विवेकानंद केंद्र के प्रांत कार्य पद्धति प्रमुख डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने अष्टांग योग के महत्वपूर्ण अंग “अहिंसा” विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि अहिंसा को केवल शारीरिक हिंसा तक सीमित समझना उचित नहीं है। भारतीय एवं सनातन संस्कृति पर आघात करने वाले अन्याय, अधर्म एवं दुष्प्रवृत्तियों का सजग प्रतिकार करना भी अहिंसा की व्यापक अवधारणा का अभिन्न भाग है। उन्होंने भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण के उद्घोष — “परित्राणाय साधूनाम् विनाशाय च दुष्कृताम्” — का उल्लेख करते हुए कहा कि धर्म की स्थापना एवं समाज में सदाचार की रक्षा के लिए सजगता एवं सक्रियता आवश्यक है। डॉ. शर्मा ने योग को केवल शारीरिक व्यायाम न मानते हुए उसे भारतीय जीवनदृष्टि का आधार बताया। उन्होंने “व्यक्ति–परिवार–समाज–राष्ट्र–
कार्यक्रम में क्रीड़ा योग के अंतर्गत “नमस्ते जी” एवं “डमरू दौड़” जैसे रोचक एवं उत्साहवर्धक खेलों का आयोजन भी किया गया, जिनमें सभी कार्यकर्ताओं ने आनंदपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के सफल संचालन में रविन्द्र सिंह जादौन, अंकुर प्रजापति, जितेंद्र गहलोत, प्रताप सिंह, तेज सिंह, मोहन लालवानी, अर्चना अजमेरा, बीना तोमर, रीना एवं श्यामवीर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा।
डॉ. स्वतंत्र शर्मा ने जानकारी दी कि आगामी 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य आयोजन “टोरंटो पैलेस”, 9 नंबर पेट्रोल पंप के पास, भजनगंज, अजमेर में प्रातः 5:30 बजे से आयोजित किया जाएगा। इस महत्त्वपूर्ण आयोजन की पूर्व तैयारी हेतु प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे निःशुल्क योग कक्षाओं का नियमित संचालन किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्रवासी बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहे हैं।