ब्यावर, 19 जुलाई।
द इंस्टीट्यूट ऑफ कॉस्ट अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया के ब्यावर चैप्टर को नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल (NIRC) द्वारा ‘डी’ श्रेणी में प्रतिष्ठित “बेस्ट चैप्टर अवार्ड” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान नई दिल्ली स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित वार्षिक आम सभा (AGM) के दौरान प्रदान किया गया।
ब्यावर चैप्टर के सचिव सीएमए शुभम सांखला ने बताया कि चैप्टर की ओर से यह सम्मान चेयरमैन सीएमए मितेश चोपड़ा ने ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2019 में ब्यावर चैप्टर की स्थापना के बाद से चैप्टर को लगभग प्रत्येक वर्ष इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया है। यह उपलब्धि वर्षभर आयोजित व्यावसायिक, शैक्षणिक एवं सदस्य हित से जुड़े कार्यक्रमों के उत्कृष्ट संचालन तथा सदस्यों के सक्रिय सहयोग का परिणाम है।
ब्यावर चैप्टर के संस्थापक चेयरमैन सीएमए रुपेश कोठारी ने बताया कि नॉर्दर्न इंडिया रीजनल काउंसिल (NIRC) की वार्षिक आम सभा में परिषद का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया गया तथा विभिन्न चैप्टर्स के वार्षिक प्रदर्शन के आधार पर श्रेष्ठ चैप्टर्स को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में कॉस्ट अकाउंटेंट्स की भूमिका तथा इंस्टीट्यूट द्वारा किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।
इस अवसर पर चेयरमैन सीएमए मितेश चोपड़ा ने कहा कि यह सम्मान ब्यावर चैप्टर के सभी पदाधिकारियों, प्रबंध समिति के सदस्यों, वरिष्ठ सीएमए, विद्यार्थियों एवं समस्त सदस्यों के सामूहिक प्रयास, समर्पण और सहयोग का प्रतिफल है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में भी ब्यावर चैप्टर उत्कृष्ट कार्य करते हुए नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा।
इस उपलब्धि पर सीएमए अंकुर सिंघल, सीएमए ज्योति सारडा, सीएमए सुमित खींचा, सीएमए प्रकाश कोठारी, सीएमए चिन्मय माहेश्वरी, सीएमए पवन गोयल, सीएमए मयंक पीपड़ा, सीएमए आशीष जैन, सीएमए अक्षय संचेती, सीएमए मेघा सोनी, सीएमए अरुण गर्ग, सीएमए नवनीत मुनोत, सीएमए दीपा दरयानी तथा सीएमए पीयूष दुग्गड़ सहित अनेक सदस्यों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चैप्टर को बधाई दी।