केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने युवाओं का किया आह्वान
माय भारत अजमेर एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान के संयुक्त तत्वावधान में 400 से अधिक युवाओं ने ली नशा मुक्ति की प्रतिज्ञा, प्रधानमंत्री के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
अजमेर, 2 अगस्त। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत माय भारत अजमेर एवं केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान, किशनगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 400 युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रेरणादायी संबोधन का लाइव प्रसारण देखा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने की। कार्यक्रम आयोजन में माय भारत अजमेर के जिला युवा अधिकारी श्री जयेश मीना एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) कार्यक्रम अधिकारी श्री देवेन्द्र रणकावत ने कार्यक्रम आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई ।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि केन्द्रीय मंत्री भागीरथ चौधरी ने उपस्थित सभी युवाओं को नशा मुक्त भारत की प्रतिज्ञा दिलाई गई।
जिला युवा अधिकारी श्री जयेश मीना ने मुख्यमंत्री के संदेश तथा प्रधानमंत्री के राष्ट्रव्यापी आह्वान की जानकारी देते हुए कहा कि अजमेर जिले में माय भारत के स्वयंसेवक गांव-गांव एवं शिक्षण संस्थानों में जनजागरूकता अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही माय भारत पोर्टल पर ऑनलाइन नशा मुक्ति प्रतिज्ञा, माय भारत पोर्टल पंजीकरण अभियान तथा विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में युवाओं की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का लाइव प्रसारण भी देखा गया। प्रधानमंत्री ने अपने संदेश में युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को नहीं, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र की ऊर्जा को कमजोर करता है। विकसित भारत के निर्माण के लिए नशामुक्त युवा शक्ति सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने, अपने मित्रों और परिवार को भी इसके प्रति जागरूक करने तथा जनभागीदारी को जनआंदोलन में बदलने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि जब देश का युवा नशे से मुक्त होगा, तभी भारत आत्मनिर्भर, सशक्त और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में और तेज़ी से आगे बढ़ेगा।
मुख्य अतिथि श्री भागीरथ चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की सबसे बड़ी शक्ति उसका युवा वर्ग है। यदि युवा नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा शिक्षा, कौशल, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में लगाएंगे तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से साकार होगा। उन्होंने युवाओं से समाज में नशा मुक्ति के संदेशवाहक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. आनंद भालेराव ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना का भी केंद्र होता है। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी से नशा मुक्ति जैसे अभियान समाज में व्यापक परिवर्तन ला सकते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाराणा प्रताप युवा मंडल संस्थापक श्री मयंक सिंह नेगी का विशेष सहयोग रहा। युवा मंडल की अध्यक्ष मीनाक्षी शर्मा सहित विश्वविद्यालय परिवार, माय भारत स्वयंसेवकों एवं एनएसएस, एन.सी.सी स्वयंसेवकों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन विकसित, स्वस्थ एवं नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज में जनजागरूकता फैलाने का संकल्प दोहराया।