विद्यार्थियों ने लिया लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प
ब्यावर। भंवरलाल गोठी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ब्यावर में स्वीप (व्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचन सहभागिता) के अंतर्गत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम उत्साह एवं प्रेरणादायी वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, मतदाता के अधिकार एवं कर्तव्यों तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक की भूमिका के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में अनिल शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी, ब्यावर एवं ताराचंद जी जांगिड़, प्रधानाचार्य, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, मसूदा सहित स्वीप जिला टीम के सदस्यों ने सहभागिता करते हुए विद्यार्थियों को लोकतंत्र की मजबूती में मतदाता जागरूकता की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया।
स्वीप जिला टीम में सुनीता चौधरी, धीरज जैन, पंकज जी परिहार, राकेश जी, लक्ष्मीनारायण जी माली एवं सीताराम जी प्रजापति शामिल रहे। टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए मतदान को केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति नागरिक जिम्मेदारी भी बताया।
कार्यक्रम के दौरान स्वीप एंबेसडर चेतन गवारिया, दिया शर्मा एवं लवीना ज्ञानचंदानी ने विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, निष्पक्ष मतदान तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में युवाओं की प्रभावी भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी कल के जागरूक मतदाता और जिम्मेदार नागरिक हैं। इसलिए उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ विकसित करना अत्यंत आवश्यक है।
स्वीप एंबेसडर्स ने विद्यार्थियों को स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं आसपास के समाज में भी मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ ने मतदाता जागरूकता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को बढ़ावा देने की शपथ ली। सभी ने लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने, मतदान के महत्व को समझने तथा समाज में मतदाता जागरूकता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा ने जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अनिल शर्मा, श्री ताराचंद जी जांगिड़, स्वीप जिला टीम एवं स्वीप एंबेसडर्स का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक नागरिकों में निहित है। युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। विद्यालय विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक एवं लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विद्यार्थियों एवं स्टाफ ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। मतदाता जागरूकता के नारों, संवाद एवं शपथ के माध्यम से विद्यालय परिसर में लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता का संदेश प्रभावी रूप से प्रसारित हुआ।