राजीव गांधी जयंती पर कांग्रेस ने अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि

आधुनिक भारत के निर्माण में राजीव गांधी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा—डॉ. राजकुमार जयपाल
अजमेर। पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय राजीव गांधी जी की जयंती के अवसर पर आज अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पंचशील स्थित राजीव गांधी सर्किल पहुंचकर राजीव गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने, लोकतांत्रिक एवं धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की रक्षा करने तथा देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने “राजीव गांधी अमर रहें” के नारों के साथ उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि राजीव गांधी जी आधुनिक भारत के निर्माण के दूरदर्शी नेता थे। उन्होंने भारत को 21वीं सदी में ले जाने का सपना देखा और विज्ञान, तकनीक, संचार, शिक्षा तथा पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने युवाओं को देश की सबसे बड़ी शक्ति मानते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के अवसर प्रदान किए।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी जी ने भारत को आधुनिक, तकनीकी रूप से सक्षम और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने की दिशा में दूरगामी सोच के साथ कार्य किया। कंप्यूटर एवं दूरसंचार क्रांति को गति देने में उनका योगदान देश कभी नहीं भूल सकता। आज सूचना एवं संचार के क्षेत्र में भारत जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसकी मजबूत नींव राजीव गांधी जी के दूरदर्शी नेतृत्व के दौर में रखी गई थी।
डॉ. जयपाल ने कहा कि राजीव गांधी जी ने देश की एकता, अखंडता, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सद्भाव को हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनका जीवन और विचार आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। राजीव गांधी जी के सपनों का भारत बनाने तथा उनके बताए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
कांग्रेस प्रवक्ता शैलेश गुप्ता ने बताया कि श्रद्धांजलि कार्यक्रम में अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पूर्व विधायक डॉ. गोपाल बाहेती, महेंद्र सिंह रलावता, द्रौपदी कोली, उपाध्यक्ष फखरे मोईन, नौरत गुर्जर, शैलेश गुप्ता, अमित गर्ग, ईश्वर तहलियानी, अभिषेक सैमसन, अंकित घारू, सुमित मित्तल, शैलेंद्र अग्रवाल, चंदन सिंह, लक्ष्मी धौलखेड़िया, लक्ष्मी बुंदेल, नरेश सत्यवाना, निर्मल बेरवाल, घनश्याम पंचोली, सुरेश राठौड़, करतार मीणा, धर्मेंद्र नागवाल, प्रियंका चौधरी, देवेंद्र चौधरी, एडवोकेट राजेश ईनाणी, कशिश बायला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता, पार्षद, ब्लॉक एवं मंडल पदाधिकारी तथा कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने राजीव गांधी जी के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने तथा देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव संघर्ष करने का संकल्प लिया।
— शैलेश गुप्ता
प्रवक्ता, अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!