ब्यावर। श्री वर्द्धमान शिक्षण समिति द्वारा संचालित श्री वर्द्धमान कन्या महाविद्यालय में छात्राओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रेड रिबन क्लब के तत्वावधान में पाँच किलोमीटर मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। मैराथन दौड़ में महाविद्यालय की छात्राओं ने उत्साह, उमंग एवं जोश के साथ सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और शारीरिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
मैराथन दौड़ का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ.आर.सी.लोढ़ा ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने छात्राओं को नियमित व्यायाम, संतुलित दिनचर्या एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
दौड़ में छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ पाँच किलोमीटर की दूरी तय की। प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, खेल भावना एवं लक्ष्य के प्रति दृढ़ता देखने को मिली। महाविद्यालय परिसर में आयोजित इस गतिविधि ने छात्राओं को स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ एक सकारात्मक संदेश भी दिया।
मैराथन दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए छात्रा डिंपल रावत ने प्रथम स्थान, छात्रा रुकसाना ने द्वितीय स्थान तथा बीना ने तृतीय स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इस अवसर पर वर्द्धमान शिक्षण समिति के मंत्री डॉ. नरेन्द्र पारख ने छात्राओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद एवं शारीरिक गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रकार के आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। वर्द्धमान शिक्षण समिति सदैव छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेल, संस्कृति एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती रही है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रेड रिबन प्रभारी निधि पंवार और डॉ रीना का महत्वपूर्ण योगदान रहा।