अजमेर, 9 सितंबर। राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आगामी 20 सितंबर 2026 को आयोजित की जाने वाली उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर (पुनः परीक्षा)-2021 में भी वर्तमान नियमानुसार ओएमआर उत्तर-पत्रक में पांचवां विकल्प भरना अनिवार्य होगा। इस संबंध में आयोग की वेबसाइट पर शुद्धि पत्र जारी कर दिया गया है।
आयोग सचिव ने बताया कि उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2021 का विज्ञापन दिनांक 03 फरवरी 2021 को जारी किया गया था एवं पूर्व में परीक्षा का आयोजन दिनांक 13 से 15 सितंबर 2021 तक किया गया। चूंकि तत्समय उत्तर-पत्रक में पांचवा विकल्प दिये जाने का प्रावधान विद्यमान नहीं था, अतः विज्ञापन में इसका उल्लेख नहीं किया गया था।
राज्य सरकार की अनुशंसा दिनांक 6 मई 2026 के क्रम में दिनांक 08 मई 2026 को प्रेस-नोट जारी कर आयोग द्वारा उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2021 की भर्ती प्रक्रिया पूर्णतया निरस्त कर दिनांक 20 सितंबर 2026 को उक्त परीक्षा का पुनः आयोजन किया जा रहा है। चूंकि वर्तमान में आयोग द्वारा आयोजित करवायी जाने वाली समस्त लिखित वस्तुनिष्ठ परीक्षाओं में किसी प्रश्न का उत्तर नहीं दिये जाने की स्थिति में उत्तर-पत्रक में पांचवां विकल्प भरवाया जा रहा है। अतः उपनिरीक्षक/प्लाटून कमांडर परीक्षा-2021 (पुनः परीक्षा) में वर्तमान प्रावधानानुसार ओएमआर उत्तर-पत्रक में प्रश्नों के विकल्प भरने के संबंध में विशेष निर्देश लागू किये जाने है जिसके संबंध में आयोग की वेब-साईट पर शुद्धि पत्र संख्या 15/2026-27 जारी कर दिया गया है, जिसका अवलोकन अभ्यर्थी आयोग की वेब-साईट https://rpsc.rajasthan.gov.in पर कर सकते हैं। उक्त विज्ञापन की शेष शर्ते यथावत् रहेंगी।