AAP प्रत्याशी कान सिंह राठौड़ ने वार्ड 2 में पुनः चुनाव कराने की मांग की

नाथद्वारा, 11 सितंबर 2026। नाथद्वारा नगर पालिका चुनाव में वार्ड नंबर 2 से आम आदमी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी कान सिंह राठौड़ ने निर्वाचन अधिकारी एवं उपखण्ड अधिकारी, नाथद्वारा को आवेदन देकर वार्ड नंबर 2 की मतगणना स्थगित कर पुनः चुनाव कराने की मांग की है।
कान सिंह राठौड़ ने आवेदन में बताया कि मतदान के दिन नाथद्वारा पुलिस थानाधिकारी द्वारा उन्हें गिरफ्तार किया गया। उनके अनुसार, गिरफ्तारी का कारण पूछने पर पुलिस द्वारा एनआई कोर्ट, नाथद्वारा से वारंट जारी होने की जानकारी दी गई। राठौड़ का कहना है कि संबंधित प्रकरण में उन्हें हाईकोर्ट से राहत मिलने की जानकारी एवं दस्तावेज पुलिस को बताए गए थे, इसके बावजूद मतदान के दिन कार्रवाई की गई।
राठौड़ ने आरोप लगाया कि मतदान के महत्वपूर्ण दिन हुई गिरफ्तारी से उनका चुनाव प्रचार, मतदाताओं से संपर्क और अपने पक्ष में मतदान की अपील प्रभावित हुई। उनका कहना है कि इस कार्रवाई से उनकी छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ा और चुनावी प्रक्रिया प्रभावित होने की स्थिति बनी।
उन्होंने निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि वार्ड नंबर 2 की मतगणना पर रोक लगाकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए तथा न्यायहित में वार्ड नंबर 2 में पुनः मतदान कराया जाए।
AAP ने कहा कि लोकतांत्रिक चुनाव में प्रत्येक प्रत्याशी को समान अवसर मिलना आवश्यक है। पार्टी ने प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग से पूरे मामले की निष्पक्षता से समीक्षा कर उचित निर्णय लेने की मांग की।
इस दौरान जिला संगठन महासचिव पप्पू लाल कीर, नाथद्वारा विधानसभा अध्यक्ष धर्मेंद्र चंदेल, उपाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सहित आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पप्पू लाल कीर 
जिला संगठन महासचिव 
आम आदमी पार्टी राजसमंद

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!