इंडिया मोबाइल कांग्रेस 2026 ने भारत से वैश्विक टेक ब्रांडों का निर्माण करने के लिए ‘विकसित टेक 47’ प्लेटफॉर्म लांच किया

भारतीय ब्रांडों को बढ़ावा देने और विकसित भारत 2047 विजन के अनुरूप वैश्विक टेक्नोलॉजी मूल्य श्रृंखला में देश की बढ़त को गति देने के लिए यह विशेष पहल की गई

 नई दिल्ली, 25th  सितंबर, 2026- वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन से प्रेरणा लेते हुए एशिया के सबसे बड़े डिजिटल टेक्नोलॉजी फोरम इंडिया मोबाइल कांग्रेस (आईएमसी), 2026 ने भारत के सबसे उदीयमान टेक्नोलॉजी ब्रांडों, लीडर्स और सुगमता प्रदान करने वालों की पहचान करने और उनका निर्माण करने के लिए एक विशेष प्लेटफॉर्म ‘विकसित टेक 47’ के प्रथम संस्करण की घोषणा की है। यह पहल, नई दिल्ली के यशोभूमि कनवेंशन सेंटर में 7 से 10 अक्टूबर, 2026 तक होने जा रहे आईएमसी के 10वें संस्करण का हिस्सा होगी। टेक्नोलॉजी एनालिटिक्स, रिसर्च और कंसल्टिंग फर्म Techarc, इस पहल के लिए रिसर्च पार्टनर के तौर पर काम करेगी।

जैसे जैसे भारत 2047 तक एक विकसित भारत बनने के अपने विजन की दिशा में काम कर रहा है, यह देश आत्मनिर्भरता, इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन और देशज बौद्धिक संपदा में अपनी क्षमताएं मजबूत कर रहा है जिससे एक अधिक मजबूत और वैश्विक स्तर पर अधिक प्रतिस्पर्धी टेक्नोलॉजी पारितंत्र के लिए आधार का निर्माण हो रहा है। विकसित टेक 47 उन कंपनियों और व्यक्तियों को प्रोत्साहित करता है जो उपभोक्ता उपकरणों, वियरेबल्स और ऑडियो, वीडियो एवं सर्विलांस, कनेक्टेड मोबिलिटी, स्मार्ट होम्स एवं आईओटी, कंपोनेंट एवं विनिर्माण, एआई एवं डीप टेक और सास प्लेटफॉर्मों जैसे सभी वर्गों में इस बदलाव को गति दे रहे हैं।

इस पहल के तहत एक खास रिपोर्ट भी तैयार की जाएगी जिसे आईएमसी 2026 में जारी किया जाएगा। यह रिपोर्ट बताएगी कि ग्लोबल वैल्यू चेन में भारत की क्या स्थिति है। यह रिपोर्ट 200 से अधिक भारतीय टेक्नोलॉजी कंपनियों के अध्ययन और इस क्षेत्र की स्पष्ट तस्वीर पेश करने के लिए संस्थापकों और उद्योग विशेषज्ञों से बातचीत पर आधारित होगी।

इंडिया मोबाइल कांग्रेस के सीईओ रामकृष्ण पी. ने कहा, “भारत में प्रौद्योगिकी प्रतिभाओं या महत्वाकांक्षा की कोई कमी नहीं है। कमी रही है तो बस एक ऐसे प्लेटफॉर्म की जो हमारी कंपनियों को सिर्फ स्थानीय स्तर पर नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर सोचने और मुकाबला करने में मदद करे। ‘विकसित टेक 47’ के साथ हम ठीक यही बना रहे हैं- एक ऐसा प्लेटफॉर्म जो भारत की सबसे उदीयमान टेक्नोलॉजी कंपनियों की पहचान करे और उन्हें असली ग्लोबल ब्रांड बनने में मदद करे। यह बस पहला कदम है। आने वाले वर्षों में हम चाहते हैं कि ‘विकसित टेक 47’ एक ऐसा लांच पैड बने जो भारतीय टेक्नोलॉजी को घरेलू सफलता से वैश्विक पहचान तक ले जाए।”

इस पहल में स्टार्टअप्स के लिए डॉक्टर जाराबी इंडिजनाइजेशन अवार्ड भी शामिल होगा। यह एक विशेष वर्ग है जिसे उन स्टार्टअप्स को सम्मानित करने के लिए बनाया गया है जिनके डिजाइन, इंजीनियरिंग, कंपोनेंट्स या विनिर्माण में किए गए नवप्रवर्तन, भारत को ऐसे हार्डवेयर, गैजेट्स, डिवाइस और एप्लायंसेज बनाने में मदद कर रहे हैं जिनके लिए पहले आयात पर निर्भर रहना पड़ता था।

यह घोषणा आईएमसी 2026 की व्यापक थीम “स्केल विदाउट बाउंड्रीज” पर आधारित है। यह थीम एक ऐसे भविष्य को दर्शाती है जहां भारतीय नवप्रवर्तन, टेक्नोलॉजी और विचार, सीमाओं के पार जाकर वैश्विक स्तर पर प्रभाव डालते हैं। दूरसंचार विभाग और सेलुलर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीओएआई) द्वारा आयोजित आईएमसी के 10वें संस्करण में 1.5 लाख से अधिक लोगों, 300 से अधिक प्रदर्शकों और 100 से अधिक देशों से साझीदारों के आकर्षित होने और 1500 से अधिक टेक्नोलॉजी यूज़ केसेस प्रदर्शित किए जाने की संभावना है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!