जैन समाज का राष्ट्रीय अलंकरण महोत्सव ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह मंगलवार को

राष्ट्रसंत चंद्रानन सागर की उपस्थिति में उपमुख्यमंत्री शिंदे और सांसद नीरज डांगी करेंगे समाजसेवियों का सम्मान

विशेष संवाददाता

मुंबई। जैन समाज के राष्ट्रीय अलंकरण ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह में राष्ट्रसंत चंद्रानन सागर की उपस्थिति में उपमुख्यमंत्री शिंदे और सांसद नीरज डांगी के हाथों सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक, शैक्षणिक एवं जीवदया के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले आज (मंगलवार) सम्मानित होंगे। कांति मेहता, दिलीप चंदन, प्रवीण कोठारी, दिनेशभाई ठलियावाला और मनोज जैन को ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ प्रदान किये जाएंगे। विधायक नरेंद्र मेहता को ‘दर्शन सागर जनगौरव सम्मान’ दिया जाना है। दर्शन सागर अवॉर्ड समिति के प्रवीण शाह और निरंजन परिहार ने बताया कि नाकोड़ा भैरव दर्शन धाम के चेयरमेन सुखराज नाहर के नेतृत्व आयोजन हो रहा है। जैन समाज के राष्ट्रीय अलंकरण महोत्सव ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह का देश भर के जैन समाज में बड़ा महत्व है।

राष्ट्रसंत आचार्य चंद्रानन सागर सूरीश्वरजी महाराज के सानिध्य में दर्शन सागर महाराज की 33वीं पुण्यतिथि पर होने वाले इस समारोह के लाभार्थी तखतगढ़ निवासी प्रवीण कुमार पूनमचंद जी ओसवाल हैं। ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ समारोह समिति के मुताबिक सम्मान समारोह में महाराष्ट्र सहित गुजरात, राजस्थान, तमिलनाडु, कर्नाटक एवं आंध्र प्रदेश के विभिन्न शहरों सहित विदेश से भी बड़ी संख्या में अतिथि पहुंचे हैं। विख्यात गच्छाधिपति दर्शन सागर सूरीश्वर महाराज की स्मृति में दिया जाने वाला यह सम्मान देश भर के जैन समाज में काफी प्रतिष्ठित माना जाता है। इस वर्ष धर्मप्रेमी कांति मेहता, उद्योगपति दिलीप चंदन, समाजसेवी प्रवीण कोठारी, तीर्थ निर्माता दिनेशभाई ठलियावाला और शासनसेवी मनोज जैन को ‘दर्शन सागर अवॉर्ड’ प्रदान किया जा रहा है।  श्री राजस्थान श्वेतांबर जैन मूर्तिपूजक संघ ठाणे एवं श्री ऋषभदेवजी महाराज जैन धर्म एवं ज्ञाति टेंपल ट्रस्ट ठाणे के तत्वावधान में होटल टिप टॉप प्लाजा में मंगलवार सुबह 10 बजे यह भव्य समारोह में आयोजित होने जा रहा है। पिछले 20 वर्षों से यह समारोह हर साल अलग अलग स्थानों पर आयोजित होता रहा है।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!