अजमेर। स्वामी हिरदाराम और सिद्ध भाऊ की प्रेरणा से जीव सेवा समिति और जिला अंधता नियत्रंण कमेटी के सहयोग से पुष्कर स्थित ऋषि गोधूमल चिकित्सालय और आई केयर सेंटर में 7 अप्रैल से 10 अप्रैल तक चार दिवसीय कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपण नेत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जीव सेवा समिति के सचिव जगदीश वच्छानी ने बताया कि रविवार को 215 रोगियों की जांच करने के बाद 71 ऑपरेशन योग्य रोगियों को भर्ती किया गया था, जिनमें से 60 रोगियों के सफल ऑपरेशन वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ एल के नेपालिया, डॉ डी एन मोतियानी, डॉ प्रिती लाल ने किये। रोगियों के आवास, बिस्तर, भोजन, दवा, चश्मे, लैंस आदि की सभी व्यवस्थायें समिति की ओर से निःशुल्क रखी गई हैं। शिविर का आयोजन अनंत श्री सुखराम महाराज रामस्नेही सम्प्रदाय के आर्थिक सहयोग से किया जा रहा है।