
पुष्कर। नगर पालिका कार्यालय में गुरुवार को हुए चुनाव में भाजपा के मुकेश कुमावत निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित हुए। इससे पूर्व भाजपा ने पार्षद दल की बैठक आयोजित कर सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड 19 से नवनिर्वाचित पार्षद मुकेश कुमावत का नाम घोषित किया था। महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिता भदेल, विधायक सुरेश सिंह रावत, भागीरथ चौधरी, देहात जिलाध्यक्ष बीपी सारस्वत कुमावत गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय में स्थापित निर्वाचन ऑफिस में नामांकन पत्र जमा कराने पहुंचे। कुमावत ने निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार माथुर के समक्ष उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया। उपाध्यक्ष के लिए केवल एक नामांकन पत्र जमा किया गया। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद दोपहर दो बजे निर्वाचन अधिकारी माथुर ने कुमावत को निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित किए जाने की घोषणा की तथा उन्हें शपथ दिलाई। सभी भाजपा नेताओं पार्टी कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित उपाध्यक्ष कुमावत का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उपाध्यक्ष कुमावत ने पत्रकारों से संवाद में कहा कि वे पालिका बोर्ड में पालिकाध्यक्ष कमल पाठक के कंधे से कंधा मिला कर काम करेंगे। मालूम हो कि कुमावत ने पहली बार चुनाव लड़ा तथा कांग्रेस के पूर्व पालिकाध्यक्ष दामोदर शर्मा के पुत्र कांग्रेस के अध्यक्ष पद के दावेदार टीकम शर्मा को हराया।