
अजमेर,(कासं.): केरल में वामपंथी सरकार के संरक्षण में हो रही हिंसा के विरोध में शुक्रवार को शहर के विभिन्न मार्गों से जो जन आक्रोश रैली निकाली गई। उसमें जन सैलाब उमड़ पड़ा। जनाधिकार बचाओ मंच की आम सभा के बाद नया बाजार चौपड़ से ही जन आक्रोश रैली शुरू की गई। यह रैली आगरा गेट चौराहे से होते हुए पीआर मार्ग, नगर निगम कार्यालय, चूड़ी बाजार, गोल प्याऊ होते हुए पुन: नया बाजार चौपड़ पर समाप्त हुई। इस रैली में शहर वासियों की जबरदस्त भागीदारी रही। रैली जिस मार्ग से गुजरी उस मार्ग के दोनों ओर खड़े लोगों ने उत्साहवर्धन किया। रैली में शामिल हजारों लोगों की उपस्थिति बता रही थी कि केरल में जो हिंसा हो रही है, उसको लेकर अजमेर तक में गुस्सा है। रैली में शामिल लोगों के हाथों में नारे लिखी तख्तियां और बैनर भी थे। इन तख्तियों पर केरल सरकार को बर्खास्त करने, हिंसा को रोकने, आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने आदि का उल्लेख किया गया। रैली में देशभक्ति को लेकर नारे भी लगाए गए।
बर्खास्तगी को लेकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन:
आम सभा और रैली से पूर्व जनाधिकार बचाओ मंच के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त कलेक्टर अबू सूफीयान को राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन दिया। इस ज्ञापन में केरल की हिंसक घटनाओं का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति से मांग की गई कि केरल की वामपंथी सरकार को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त किया जाए। ज्ञापन में आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पी.विजयन के नेतृत्व वाली सरकार आम लोगों को संरक्षण देने में पूरी तरह विफल है। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और राष्ट्रवादी विचारधारा वाले कार्यकर्ताओं की लगातार हत्याएं हो रही है। दो मार्च की रात को ही संघ के कार्यालय में बम फेंका गया। जिसमें चार कार्यकर्ता जख्मी हो गए। ज्ञापन में आरोप लगाया कि केरल की पुलिस पीडि़तों की मदद करने की बजाए उन्हीं पर झूठे मुकदमे दर्ज कर रही है। सरकारी संरक्षण में हो रही हिंसा की वजह से केरल में आम लोगों का जीवन दुभर हो गया है। अभी तक संघ और राष्ट्रवादी विचारधारा के दस से भी ज्यादा कार्यकर्ताओं की हत्या हो चुकी है इसमें एक महिला भी है। दंगाईयों के विरुद्ध मामला दर्ज करने के बजाए निर्दोष नागरिकों को ही परेशान किया जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने का काम संबंधित राज्य सरकार का है। लेकिन केरल में निर्वाचित सरकार इसमें पूरी तरह विफल हो रही है। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जो लोग राजनीतिक हिंसा के शिकार हुए हैं, उनके परिवारों को पुनर्वास किया जाए और मुआवजा दिलवाया जाए। अतिरिक्त कलेक्टर सूफीयान ने प्रतिनिधि मंडल को भरोसा दिलाया कि ज्ञापन को राष्ट्रपति तक पहुंचा दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में मंच के संयोजक अजय दनगसिया, संयोजक जगदीश सिंह राणा, एस.पी.मित्तल, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के महानगर संघचालक सुनीत दत्त जैन, मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, निरंजन शर्मा व भाजपा के शहर जिला अध्यक्ष अरविंद यादव आदि शामिल थे।
इन संस्थाओं का रहा सहयोग:
शुक्रवार को नया बाजार चौपड़ पर हुई जनसभा और फिर निकली जनाक्रोश रैली को सफल बनाने में विश्व हिन्दू परिषद के शशि प्रकाश इंदौरिया, लेखराज सिंह राठौड़, हिन्दू जागरण मंच के सुभाष गहलोत, पुनित बंसल, भारतीय मजदूर संघ के भोलानाथ आचार्य, विनित जैन, मूल सिंह, सिंधु सभा के महेन्द्र तीर्थांनी, मोहन तुलसियानी, मोहन कोटवानी, विद्यार्थी परिषद के जिनेश जैन, सिक्ख संगत के अमर सिंह लबाना, स्वदेशी जागरण मंच के अरुण अरोड़ा, पंकज जैन, दिलीप सिंह, संस्कार भारतीय के सुरेश बबलानी, विद्या भारती के सुरेन्द्र अरोड़ा, रामप्रकाश बंसल, ग्राहक पंचायत के राधेश्याम अग्रवाल, भारतीय शिक्षक संघ के कैलाश कच्छावा, विष्णु सिंह राठौड़, सेवा भारती के रामचरण प्रदीप शर्मा, भाजपा के अरविंद यादव, रमेश सोनी, सहकार भारती के अमृत अग्रवाल, सम्मान सिंह राठौड़, पूर्व सैनिक परिषद के कृष्ण मुरारी, भारत विकास परिषद के भारत भूषण बंसल, संदीप गोयल, रुक्टा राष्ट्रीय के सुशील बिस्सु, एनएमओ के डॉ. राजेश खत्री, अधिवक्ता परिषद के अशोक अग्रवाल, अशोक तेजवानी, बसंत विजयवर्गीय, विज्ञान भारती के गोविंद नारायण पारीक, इतिहास संकलन के नवल किशोर उपाध्यायय, हरीश बेरी, सक्षम के भारतेश मंगल, शिक्षण मंडल के देवेन्द्र सिंह राजावत, क्रीड़ा भारती के अतुल दुबे, लघु उद्योग भारती के सुमित हेड़ा, राष्ट्र सेविका समिति की लीलामणि आदि का सक्रिय सहयोग रहा।
केरल में हिंसा नहीं रूकी तो राष्ट्रवादी सीधा जवाब देंगे
अजमेर में हुई विशाल सभा और जनाक्रोश रैली
अजमेर,(कासं.): केरल में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ और राष्ट्रवादी विचारधारा के कार्यकर्ताओं के विरूद्व हिंसा को नहीं रोका गया तो राष्ट्रवादी कार्यकर्ता केरल सरकार को सीधा जवाब देंगे। केरल में हिंसा के खिलाफ अब पूरा देश जाग उठा है। शुक्रवार को नया बाजार चौपड़ पर जनाधिकार बचाओं मंच की ओर से एक विशाल सभा हुई। इस सभा में वक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि केरल की वामपंथी सरकार के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने हिंसा को नहीं रोका तो राष्ट्रवादी सीधा जवाब देंगे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अजमेर महानगर के संघ चालक सुनील दत्त जैन ने कहा कि केरल के राष्ट्रवादी कार्यकर्ता हिंसा का जवाब देने के लिए सक्षम है। देश भर के राष्ट्रवादी, केरल के राष्ट्रवादियों का लगातार मनोबल बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केरल में देश को तोडऩे वाली विचारधारा को बल मिल रहा है इसलिए राष्ट्रवादी विचारधारा के लोगों की लगातार हत्याएं की जा रही है। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है। इससे पहले भी अमरनाथ की यात्रा को रोकने और रामसेतु को तोडऩे की घोषणा की गई, लेकिन हिन्दू समुदाय के विरोध के बाद घोषणाओं को वापस लेना पड़ा। उन्होंने इस बात पर अफसोस जताया कि एक ओर दिल्ली में कश्मीर की आजादी के लिए नारे लगते हैं तो दूसरी ओर केरल में राष्ट्रवादी विचारधारा के कार्यकर्ताओं की हत्या होती है। जो लोग भारत माता का बुरा सोचते हैं, उन्हें अब सावधान हो जाना चाहिए क्योंकि हिन्दू समुदाय जाग चुका है। जैन ने कहा एक ओर भगवान राम थे, जो अपने पिता के वचन के खातिर वनवास चले गए तो दूसरी ओर अखिलेश यादव जिन्होंने राजगद्दी के लिए अपने पिता को ही वनवास दे दिया। सभा में स्वामी अनादि सरस्वती ने कहा कि केरल में हिन्दुओं का मनोबल तोडऩे के लिए राष्ट्रवादी कार्यकर्ताओं पर हमले हो रहे हैं। स्वामी अनादि ने जल हाथ में लेकर उपस्थित लोगों को धर्म की रक्षा करने का संकल्प करवाया।
तेजतर्रार युवा वक्ता राजेश गुर्जर ने देश और दुनिया के वामपंथी का इतिहास बताते हुए कहा कि वामपंथी विचारधारा कभी भी देशभक्त नहीं रही। इसी विचारधारा ने रूस के टुकड़े-टुकड़े करवा दिए और अब इसी विचारधारा के लोग दिल्ली में शिक्षा के मंदिरों में कश्मीर और बस्तर की आजादी के नारे लगा रहे हैं। एक वर्ष पहले तक केरल की आजादी के भी नारे लगाते थे, लेकिन अब केरल में माकपा की सरकार है, इसलिए फिलहाल केरल के नारे लगाने बंद कर दिए हैं। गुर्जर ने कहा कि वामपंथी यह पचा नहीं पा रहे कि भारत में सभी धर्मों के लोग एकसाथ कैसे रह रहे हैं? उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि 1962 में जब हम चीन से युद्ध कर रहे थे तब कम्यूनिस्टों ने हमारे देश के उद्योगों में हड़ताल करवा दी, ताकि हमारे जवानों को रसद और आवश्यक सामग्री नहीं मिल सके। कम्यूनिस्टों ने हमेशा नक्सलवाद को बढ़ावा दिया।
सभा में शिक्षाविद् डॉ. अनूप आत्रेय ने कहा कि वामपंथ का खूनी इतिहास रहा है। उन्होंने वामपंथ की तुलना तालिबान से करते हुए कहा कि पूर्व में असहिष्णुता को लेकर जो लोग पुरस्कार लौटा रहे थे, वे अब केरल की हिंसा पर चुप क्यों है? डॉ.आत्रेय ने कहा कि केरल में सरकारी संरक्षण में राष्ट्रवादी विचारधारा के कार्यकर्ताओं की न केवल हत्याएं हो रही है बल्कि उनके परिजनों के विरूद्व भी झूठे मुकदमें दर्ज हो रहे हैं। केरल में वामपंथी सरकार राक्षसों जैसा व्यवहार कर रही है। सभा में मंच के सह-संयोजक एडवोकेट जगदीश राणा ने राष्ट्रपति के नाम भेजे गए ज्ञापन को पढ़ा। सभा का संचालन शिक्षाविद् सुशील बिस्सू ने किया।
मंत्री और नेता भी उपस्थित रहे
सभा में सभा में शिक्षा राज्य मंत्री वासुदेव देवनानी और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती अनिता भदेल, संसदीय सचिव सुरेश रावत, जिला प्रमुख सुश्री वंदना नोगिया, मेयर धर्मेन्द्र गहलोत, भाजपा के देहात जिलाध्यक्ष प्रो. बी.पी. सारस्वत, शहर जिलाध्यक्ष अरविंद यादव आदि भी उपस्थित रहे।