श्याम मंदिर में बिखरेंगे फागण के रंग

सात दिन होंगे कई धार्मिक आयोजन, सुंदरकांड पाठ से होगी महोत्सव की शुरुआत
ब्यावर, 20 फरवरी। खाटू की तरह धार्मिक नगरी ब्यावर में बने श्री श्याम मंदिर में बुधवार से नवां रंगीला फागण महोत्सव आयोजन होगा। सात दिवसीय महोत्सव के तहत कई धार्मिक कार्यक्रम होंगे। संयोजक सुमित सारस्वत ने बताया कि श्री श्याम परिवार की ओर से फतेहपुरिया चौपड़ स्थित मंदिर में आयोजित होने वाले महोत्सव का शुभारंभ संगीतमय सुंदरकांड पाठ से होगा। सायं 7 बजे से रामायण मंडल द्वारा सुंदरकांड पाठ किया जाएगा। सुनील कौशिक, मुकेश गर्ग, दिलीप खत्री व अन्य सदस्य सपत्नीक पूजा में भाग लेंगे। पंडित विकास शर्मा व मनोज शास्त्री बाबा का श्रृंगार कर दरबार सजाएंगे। महोत्सव आयोजन के लिए मंगलवार को सभी सदस्यों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। मंदिर को सतरंगी रोशनी से आकर्षक रूप में सजाया गया है। बाबा का प्रतिदिन नयनाभिराम श्रृंगार कर विशेष प्रसाद का भोग लगाया जाएगा। ग्यारस के दिन नगर में बाबा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। विशाल फाग महोत्सव का भव्य आयोजन होगा। जयपुर से आए कलाकार खाटू नरेश का दिव्य दरबार सजाएंगे। पहली बार भक्तों को बाबा के शीश का विशेष दर्शन होगा। श्याम परिवार के निशांत मंगल, श्याम सिंहल, विनेश कौशिक, मयंक सिंहल, गौरव गर्ग, राधेश्याम प्रजापति, चर्चित मंगल, अंकुर मित्तल, पुनीत बंसल, पुलकित सिंहल, विजय मंडोरा, संस्कार मंगल, मनोज अग्रवाल, चिराग गर्ग, सुनील सिंहल, मुकेश गुप्ता, अशोक गोयल व अन्य सदस्यों ने देर रात तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया।
कल कृष्ण राधिका करेंगी सत्संग
महोत्सव के तहत गुरुवार को दोपहर तीन बजे से कृष्ण राधिका मंडल की युगल जोड़ी मधु सोलीवाल व तनीषा सोनी बाबा का सत्संग करेंगी। 23 फरवरी को किशोरी सखी मंडल द्वारा भजन, 24 फरवरी को श्री श्याम ज्योत अखंड पाठ, 25 फरवरी को श्याम परिवार द्वारा भजन संकीर्तन, 26 फरवरी को प्रात: 8.15 बजे से श्याम शोभायात्रा, दोपहर 12.15 बजे से बाबा का पंचामृत अभिषेक, रात्रि 8 बजे से विशाल भजन संध्या, 27 फरवरी को बालाजी महिला मंडल द्वारा होली रसिया फाग आयोजन होगा।

error: Content is protected !!