ट्रांसपोर्ट नगर के सामने एडीए बनाएगा व्यावसायिक केन्द्र

अजमेर, 10 जुलाई। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा शहर के दक्षिणी छोर पर व्यावसायिक गतिविधियों को बढावा देने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर के सामने व्यावसायिक केन्द्र तथा बकरा मण्डी में गोदामों का हब तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही ट्रांसपोर्ट नगर के काम को भी गति मिलेगी। प्राधिकरण ब्यावर रोड पर अजमेर डेयरी एवं सुभाष नगर रेलवे ओवरब्रिज के कामों को भी पूरी गंभीरता के साथ जल्द पूरा करवाने का प्रयास तेज करेगा। इसी तरह अन्य कामकाज को भी गति मिलेगी।
जिला कलक्टर एवं एडीए अध्यक्ष श्री प्रकाश राजपुरोहित ने आज प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ शहर का दौरा कर एडीए से संबंधित योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने खानपुरा स्थित 40 एमएलटी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लाण्ट का निरीक्षण कर कार्य को गति देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा हो।
उन्होंने शहर के दक्षिणी छोर पर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर एवं आसपास के इलाके को व्यावसायिक रूप से विकसित करने के लिए अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर के सामने करीब डेढ सौ दुकानों के व्यावसायिक केन्द्र तथा बकरा मण्डी में गोदामों के लिए शुरू की गई कवायद को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यहां व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन होने से शहर में नए बिजनेस सेन्टर का तो विकास होगा ही साथ ही शहर में ट्रांसपोर्ट का दबाव भी कम होगा। ट्रांसपोर्ट नगर में पानी सहित अन्य सुविधाएं विकसित करने के लिए भी चर्चा की गई।
श्री राजपुरोहित ने अजमेर डेयरी और सुभाष नगर चौराहे पर रेलवे ओवरब्रिज की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि जहां न्यायालय से संबंधित वाद विचाराधीन नहीं है वहां पर काम को तेज किया जाए। यह ओवरब्रिज स्थानीय यातायात के लिए बेहद आवश्यक है। ऎसे में इनसे संबंधित कार्यवाही पूरी गंभीरता के साथ की जाए।
जिला कलक्टर ने पुष्कर घाटी स्थित महाराणा प्रताप स्मारक का भी निरीक्षण कर यहां थ्री डी लेजर शो के बारे में चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों से पुष्कर घाटी के मार्ग को चौडा करने की संभावनाओं पर भी जानकारी ली। एडीए अध्यक्ष ने दाहरसेन स्मारक, पुष्कर रोड एवं अन्य योजनाओं के बारे में भी अधिकारियों से चर्चा कर काम की गति को तेज करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एडीए सचिव श्री किशोर कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

error: Content is protected !!