अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एम.डी.एस. विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन

अजमेर, 10 जून। महार्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय, अजमेर के योगिक विज्ञान एवं मानव चेतना विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में ‘काउंटडाउन प्रोग्राम’ के अंतर्गत एक भव्य राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। ‘Yoga for Personal Growth and Emotional Wellbeing’ विषय पर आधारित यह राष्ट्रीय सेमिनार 11 जून 2026 को प्रातः 11:30 बजे से विश्वविद्यालय के स्वराज सभागार में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद श्री दामोदर अग्रवाल सहभागिता करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल करेंगे।

संगोष्ठी के मुख्य वक्ता विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के अखिल भारतीय योग प्रमुख जीवनव्रती श्री रवि शर्मा होंगे, जो योग, मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन तथा व्यक्तित्व विकास में भारतीय योग परंपरा की भूमिका पर विस्तृत उद्बोधन देंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं समाज में योग के माध्यम से आत्मिक उन्नयन, सकारात्मक जीवन दृष्टि तथा भावनात्मक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता विकसित करना है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने शोधार्थियों, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आमजन से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में सहभागिता कर योग के व्यापक सामाजिक एवं आध्यात्मिक महत्व को आत्मसात करने का आह्वान किया है।

error: Content is protected !!