विधानसभा अध्यक्ष देवनानी ने वार्ड 71 में 47.99 लाख रुपये के सड़क कार्यों का किया शुभारम्भ

दीपावली से पहले जगमग होगा अजमेर, प्रमुख मार्गों पर लगेंगी हैरीटेज लाइटे

अजमेर उत्तर में विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ समयबद्ध रूप से किया जा रहा पूरा- श्री देवनानी

     अजमेर, 8 अक्टूबर। विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने गुरुवार को अजमेर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 71 स्थित सागर विहार कॉलोनी की विभिन्न गलियों में सड़क निर्माण कार्यों का शुभारम्भ किया। इन कार्यों पर सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा 47.99 लाख रुपये की लागत आएगी। सड़कों के निर्माण से क्षेत्रवासियों तथा आसपास की कॉलोनियों के नागरिकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी।

     इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने कहा कि अजमेर उत्तर क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है। पिछले दो दिनों में ही 2.5 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारम्भ किया गया है। सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित सभी प्रमुख क्षेत्रों में विकास कार्य प्राथमिकता के साथ करवाए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं को चिन्हित कर उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।

     उन्होंने कहा कि अजमेर के विकास की रफ्तार तेज करने के लिए पिछले ढाई वर्षों में सैकड़ों करोड़ रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं। पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाएं प्रगतिरत हैं। चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के लिए सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जयपुर रोड पर नए जीएसएस का निर्माण भी करवाया जा रहा है।

     श्री देवनानी ने कहा कि दीपावली से पहले प्रमुख सड़कों पर हैरीटेज लाइट एवं डेकोरेटिव पोल लगाए जाएंगे। आवश्यकता वाले प्रमुख चौराहों पर हाईमास्ट एवं मिनी हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी। शहर के सभी 80 वार्डों में आवश्यकता के अनुसार करीब 3 हजार नई स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जा रही हैं। एलीवेटेड रोड के नीचे त्योहारों के अवसर पर आकर्षक रोशनी की जाएगी। इससे अजमेर की रात्रिकालीन सुंदरता बढ़ने के साथ पर्यटन एवं नागरिक सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

     श्री देवनानी ने कहा कि अजमेर को सुंदर, स्वच्छ और बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने के लिए प्रमुख मार्गों एवं प्रवेश क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण, हरित विकास तथा नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। शहर को रिंग रोड से बेहतर कनेक्टिविटी देने के लिए चार प्रमुख सड़कों के विकास एवं विस्तार की दिशा में कार्य चल रहे हैं।

     उन्होंने कहा कि वरुण सागर एवं चौरसियावास तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य भी शीघ्र पूरा होगा। इससे आनासागर के साथ इन जलाशयों पर भी पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। तारागढ़ के विकास के लिए ऎतिहासिक संरचनाओं एवं धरोहरों के संरक्षण के साथ क्षेत्र को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

     कार्यक्रम में नवनियुक्त महापौर श्रीमती अनामिका शर्मा, पार्षद श्रीमती रितु रानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!