नवीन जैन बने बोर्ड स्टाफ क्लब अध्यक्ष, सेन सचिव

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड मंत्रालयिक स्टाफ क्लब के गुरुवार को हुए चुनाव में बोर्ड मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत को हार का मुंह देखना पड़ा। कड़ी टक्कर में उन्हें नवीन जैन ने शिकस्त देते हुए अध्यक्ष का ताज छीन लिया। सचिव पद पर रूप श्याम सेन फिर से विजयी हुए। बोर्ड में हुए चुनाव में आज रावत गुट के रूप श्याम को छोड़ कर अन्य प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। मंत्रालयिक कर्मचारी संघ के साथ ही रावत बोर्ड स्टाफ क्लब अध्यक्ष पद पर दो साल से काबिज थे। स्टाफ क्लब का अध्यक्ष पद का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा था। इस पद के चुनाव में पूर्व अध्यक्ष सतीश जाटव गुट के प्रत्याशी नवीन जैन ने रावत को 8 वोटों से हराया। रावत को 177 मत मिले, जबकि विजयी नवीन जैन को 185 मत मिले। रावत की हार के बाद समर्थकों में मायूसी छा गई। जैन के विजयी होने की सूचना मिलते ही जाटव गुट में खुशी की लहर दौड़ गई। सचिव पद पर जीते सेन ने अपने प्रतिद्वंद्वी नरेश मूलानी को 119 मतों से हराया। सेन को 242 और मूलानी को 123 मत मिले। संयुक्त सचिव पद के लिए हुए चुनाव में रावत समर्थक मुकेश घसवा को भी हार का मुंह देखना पड़ा। इस पद पर किशोर कुमार शर्मा विजयी घोषित किए गए। शर्मा ने घसवा को 143 मतों से कड़ी शिकस्त दी। शर्मा को 253 मत मिले और घसवा को मात्र 110 मत मिले। कोषाध्यक्ष के पद पर भागचंद राठौड़ को 45 मतों से जीत मिली। उन्होंने सत्यनारायण विजय को पराजित किया।

error: Content is protected !!