रघुवर दास झारखंड के नए मुख्यमंत्री

Raghubar-Dasरांची. रघुवर दास झारखंड के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। वे राज्य के पहले गैर-आदिवासी सीएम हैं। उनके साथ चार कैबिनेट मंत्रियों ने भी रविवार सुबह रांची के मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में पद और गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल डॉ सैय्यद अहमद ने शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण से पहले रघुवर दास हिनू स्थित संकटमोचन मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने पूजा-अर्चना की। इसके बाद हरमू रोड स्थित शनि मंदिर पहुंचे। वहां भी पूजा की और राज्य की खुशहाली के लिए आशीष मांगा। शपथ लेने के बाद सीएम ने सबसे पहले झाड़ू उठाया। वे करम टोली तालाब पहुंचे। वहां उन्होंने साफ-सफाई करते हुए झारखंड स्वच्छता मिशन अभियान की शुरुआत की।

ये बने कैबिनेट मंत्री
नीलकंठ सिंह मुंडा (खूंटी से विधायक)
सीपी सिंह (रांची से विधायक)
चंद्रप्रकाश चौधरी (रामगढ़ से आजसू के विधायक)
डा. लुईस मरांडी (दुमका से तत्कालीन सीएम हेमंत सोरेन को हराया)
खराब मौसम के कारण नहीं आ सके पीएम
समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह भी शामिल होने वाले थे, लेकिन खराब मौसम के कारण वे दोनों अब दिल्ली से नहीं आ सके। हालांकि, पीएम मोदी ने ट्विटर पर लिखा, “मैं रघुवर दास को झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने की बधाई देता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं। मैं शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करने झारखंड की यात्रा करने वाला था, लेकिन मैं खराब मौसम के कारण वहां नहीं जा सकता। आने वाले सालों में झारखंड सफलता की नई ऊंचाईयां छुए, इसकी कामना करता हूं।”

error: Content is protected !!