अमित शाह ने नई कार्यकारिणी की घोषणा की

amit_shahनई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने गुरूवार को नई कार्यकारिणी की घोषणा की, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ नेता अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी समेत 111 नेताओं को सदस्य मनोनीत किया गया है।
शाह ने अपनी कार्यसमिति में राजनाथ सिंह, अरूण जेटली, सुषमा स्वराज, एम वेंकैया नायडू, जगतप्रकाश नड्डा, नितिन गडकरी, अनंत कुमार, डॉ. हर्षवर्धन, रविशंकर प्रसाद, मुख्तार अब्बास नकवी, कलराज मिश्र, पीयूष गोयल, प्रकाश जावडेकर, राजीव प्रताप रूडी, धर्मेद्र प्रधान और निर्मला सीतारमण समेत अनेक केंद्रीय मंत्रियों, राष्ट्रीय पदाधिकारियों और प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं को स्थान दिया है।
अमृतसर से लोकसभा टिकट नहीं मिलने से नाराज पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धु को एक बार फिर कार्यकारिणी में स्थान दिया गया है। माना जा रहा है कि पंजाब विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए उन्हें कार्य समिति में बनाए रखा गया है।
अभिनेता और सांसद शत्रुघन सिन्हा भी कार्यसमिति में बने रहेंगे। कार्य समिति में 40 स्थाई रूप से आमंत्रित सदस्य रखे गए हैं जिनमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, रमण सिंह, रघुवर दास, आनंदी बेन पटेल, वसुंधरा राजे, मनोहर लाल खट्टर ,देनेंद्र फडनवीस और लक्ष्मीकांत पारसेकर और उपमुख्यमंत्री निर्मल सिंह और फ्रेसेस्को डिसूजा शामिल हैं।
इनके साथ भाजपा के सभी पूर्व मुख्यमत्रियों और उपमुख्यमंत्रियों को भी पहले की तरह इसमें रखा गया है। विशेष आमंत्रित सदस्यों में विधानसभा, विधानपरिषद में भाजपा के नेता, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महासचिव और सचिव के अतिरिक्त कट्टर हिंदूवादी बयानों को लेकर विवादों में रहनेवाली साध्वी निरंजन ज्योति, फिल्म अभिनेत्री किरण खेर, पश्चिम बंगाल से पहली बार लोकसभा में चुनकर आए बाबुल सुप्रियो और झारखंड के वरिष्ठ नेता सरयू राय शामिल किए गए हैं।
राजस्थान से इन चेहरों को मिली जगह — राष्ट्रीय कार्यकारिणी में राजस्थान की भागीदारी बढ़ी है। राजस्थान से मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, भाजपा के वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश माथुर, रामदास अग्रवाल, डॉ. महेश शर्मा, चिकित्सा मंत्री राजेंद्र राठौड़ और झालावाड़ सांसद दुष्यंत सिंह को राष्ट्रीय कार्यकारिणी में जगह मिली है।
घनश्याम तिवाड़ी के नाम की थी चर्चा —– राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विधायक घनश्याम तिवाड़ी के शामिल होने की पूरी संभावना थी। सीकर में हाल ही में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता ओमप्रकाश माथुर ने इसके संकेत दिए थे। समर्थकों को भी उम्मीद थी की प्रदेश में नकारे जाने के बाद केंद्रीय कार्यकारिणी में उनका रूतबा बन सकता है। हालांकि भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पदाधिकारियों की घोषणा होना अभी बाकी है।

error: Content is protected !!