हाफिज सईद की धमकी, कश्मीर में हो सकता है खून-खराबा

मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद ने एक बार फिर जहर उगला है। भारत पर पाकिस्तान को अस्थिर करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।

लश्कर के संस्थापक हाफिज सईद ने सीमा पर मौजूदा तनाव से कश्मीर घाटी में हिंसा बढ़ने की चेतावनी दी है। एक इंटरव्यू में सईद ने कहा, ‘हम दोनों देशों के बीच किसी भी विवाद में सेना का इस्तेमाल नहीं चाहते। लेकिन भारत हमेशा ऐसा करता रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को धोखा देना और पाकिस्तान को अस्थिर करना भारत की सामान्य नीति रही है।’

भारतीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे के दावे को सफेद झूठ करार दिया है। उसने भारत सरकार को यह साबित करने की चुनौती दी है कि वह भारतीय सैनिकों की हत्या के कुछ दिनों पहले नियंत्रण रेखा पर मौजूद था।

गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने गुरुवार को ही कहा था कि खुफिया जानकारी के मुताबिक हाफिज सईद ने कुछ दिन पहले ही पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर का दौरा किया था। जमात-उद-दावा सरगना ने शुक्रवार को ट्वीट किया, मैं भारत सरकार, इसके मंत्रियों और एजेंसियों को चुनौती देता हूं। वे साबित करके दिखाएं कि मैं नियंत्रण रेखा के आसपास था या झूठ दुनिया के सामने आने दें।

सईद ने कहा कि यदि भारत सरकार यह साबित कर दे तो वह कोई भी आरोप स्वीकार करने को तैयार है। सईद ने शिंदे के बयान के कुछ देर बाद ही ट्वीट किया था, हम शिंदे के आधारहीन आरोप खारिज करते हैं। सईद ने दोनों देशों के सैनिकों के बीच हुई गोलीबारी के लिए उल्टे भारत को ही जिम्मेदार ठहराया।

उसने कहा कि गोलीबारी इसलिए हुई क्योंकि भारत अपने यहां दुष्कर्म व सांप्रदायिक दंगों की आंतरिक समस्याओं से ध्यान हटाना चाहता था। वहीं कांग्रेस ने हुर्रियत नेताओं की हाफिज सईद और सैय्यद सलाउद्दीन से मुलाकात की खबरों को निराशाजनक करार दिया।

error: Content is protected !!