टाटा मोटर्स ने फ्रेट, लॉजिस्टिक्स और पैसेंजर मोबिलिटी सेगमेंट में 3,400 से ज़्यादा गाड़ियों के ऑर्डर के साथ eCV मार्केट में अपनी लीडरशिप मज़बूत की

मुंबई, 21 जून 2026: भारत की सबसे बड़ी कमर्शियल वाहन निर्माता और सभी प्रकार के मोबिलिटी समाधान उपलब्‍ध कराने वाली कंपनी टाटा मोटर्स ने आज घोषणा की है कि उसे विभिन्न श्रेणियों में 3,400 से अधिक इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों के ऑर्डर मिले हैं। यह ऑर्डर भारत में माल ढुलाई और यात्री परिवहन दोनों के लिए इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को मुख्यधारा में बड़े पैमाने पर अपनाए जाने के लिहाज से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

प्राप्त ऑर्डर्स में लगभग 2,000 छोटे कमर्शियल वाहन और पिक-अप, करीब 900 ट्रक और 500 बसें शामिल हैं। इन वाहनों को ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक्स, एफएमसीजी और एफएमसीडी डिस्ट्रीब्यूशन, शहरों के भीतर आवाजाही से लेकर सीमेंट, स्टील, माइनिंग और रनवे (टारमैक) ऑपरेशंस जैसे कड़े व्यावसायिक क्षेत्रों के साथ-साथ इंटर सिटी व इंटर स्‍टेट यात्री परिवहन के काम में लगाया जाएगा। विभिन्न उद्योगों में इन वाहनों का व्यापक उपयोग वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी समाधानों पर ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है और भारत के शून्य-उत्सर्जन कमर्शियल मोबिलिटी एजेंडे को आगे बढ़ाने में टाटा मोटर्स के नेतृत्व को और सुदृढ़ करता है। यह इस बात का भी स्पष्ट संकेत है कि इलेक्ट्रिक वाहन अब केवल शुरुआती प्रायोगिक परियोजनाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विभिन्न व्यवसायों के नियमित और बड़े पैमाने के कामकाज का हिस्सा बन रहे हैं।

भारत में कमर्शियल वाहनों के क्षेत्र में इलेक्ट्रिक मोबिलिटी अब शुरुआती दौर से निकलकर बड़े पैमाने पर इस्तेमाल की ओर बढ़ रही है, और इसका दायरा लगातार नई-नई व्यावहारिक व्यावसायिक ज़रूरतों तक विस्तृत हो रहा है। टाटा मोटर्स अपने सबसे व्यापक इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन पोर्टफोलियो और एक मजबूत सहयोगी इकोसिस्टम के साथ इस बदलाव का नेतृत्व कर रही है, जो इलेक्ट्रिफिकेशन को व्यावहारिक और लाभदायक दोनों बनाता है। केवल वाहन बेचने से आगे बढ़कर, कंपनी प्रदर्शन, वाहनों के अपटाइम, चार्जिंग और फाइनेंसिंग को वाहन के पूरे जीवनकाल में बेहतर बनाने के लिए फ्लीट मालिकों और ग्राहकों के साथ मिलकर काम कर रही है। जैसे-जैसे इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहनों की स्वीकार्यता बढ़ रही है, टाटा मोटर्स ग्राहकों को उनकी आवश्यकता के अनुसार शुरुआत से अंत तक एकीकृत समाधान प्रदान करने पर ध्यान केंद्रित रख रही है, ताकि वे शून्य-उत्सर्जन मोबिलिटी की ओर सुरक्षित और सहजता से कदम बढ़ा सकें।

पिछले 12 महीनों में टाटा मोटर्स ने विभिन्न परिचालन आवश्यकताओं और कठिन स्थितियों के अनुकूल नई पीढ़ी के इलेक्ट्रिक कमर्शियल वाहन पेश कर अपने पोर्टफोलियो को और मजबूत किया है। छोटे कमर्शियल वाहन और पिक-अप सेगमेंट में ऐस प्रो ईवी, ऐस ईवी और इंट्रा ईवी शहरों के भीतर माल वितरण को अधिक कुशल और टिकाऊ बना रहे हैं। मध्यम और भारी कमर्शियल वाहन श्रेणियों में कंपनी ने 7 से 12 टन क्षमता वाली अल्ट्रा ईवी रेंज के साथ-साथ कठिन माल ढुलाई आवश्यकताओं के लिए विशेष रूप से डिज़ाइन किए गए प्राइमा ईवी 55T ट्रैक्टर और प्राइमा ईवी 28T टिपर पेश कर अपनी उपस्थिति को और मजबूत किया है। यात्री परिवहन के क्षेत्र में स्टारबस ईवी और अल्ट्रा ईवी बसें शहरों के भीतर और दो शहरों के बीच के संचालन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

यह प्रगति कंपनी के गहरे व्यावहारिक अनुभव और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में लगातार किए गए निवेश की मजबूत बुनियाद पर टिकी है। वर्तमान में टाटा मोटर्स की 3,800 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें विभिन्न शहरों में सफलतापूर्वक चल रही हैं, जो सामूहिक रूप से 55 करोड़ किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर चुकी हैं। इस व्यापक परिचालन से मिले अनुभव और डेटा कंपनी को कंपनी को अपने वाहनों की विश्वसनीयता, कार्यक्षमता और दीर्घकालिक प्रदर्शन को लगातार बेहतर बनाने में मदद मिलती है। इसके साथ ही छोटे कमर्शियल वाहन सेगमेंट में भी इसकी स्वीकार्यता तेजी से बढ़ी है, जहाँ 17,000 से अधिक टाटा इलेक्ट्रिक छोटे कमर्शियल वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जो विभिन्न भौगोलिक क्षेत्रों और अलग-अलग कामों में इलेक्ट्रिक समाधानों की तैयारी और विश्वसनीयता को दर्शाते हैं।

उत्पादों के विकास के साथ-साथ टाटा मोटर्स ने बड़े पैमाने पर अपनाने को बढ़ावा देने के लिए एक संपूर्ण इकोसिस्टम तैयार करने की रणनीति अपनाई है। इसके तहत कंपनी ने 14 से अधिक चार्ज पॉइंट ऑपरेटरों के साथ साझेदारी के जरिए चार्जिंग नेटवर्क का विस्तार किया है। इसके साथ ही प्रमुख बैंकों और वित्तीय संस्थानों के साथ ईवी-केंद्रित फाइनेंसिंग समाधान, ‘फ्लीट एज’ के माध्यम से आधुनिक फ्लीट प्रबंधन और व्यापक अपटाइम एश्योरेंस प्रोग्राम भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ये सभी तत्व मिलकर आज व्यवसायों के लिए इलेक्ट्रिक कमर्शियल मोबिलिटी को एक व्यावहारिक, भरोसेमंद और आर्थिक रूप से लाभकारी विकल्प बनाने में मदद कर रहे हैं।

Leave a Comment

This site is protected by reCAPTCHA and the Google Privacy Policy and Terms of Service apply.

error: Content is protected !!