स्कूल में लगे कंप्यूटर पर अश्लील फिल्म देख रहे प्रधानाध्यापक को ग्रामीणों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों जमकर हंगामा किया और प्रधानाध्यापक की धुनाई कर दी। बाद में प्रधानाध्यापक को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। खंड शिक्षाधिकारी ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस ने प्रधानाध्यापक को गिरफ्तार कर लिया है। मामला उत्तरप्रदेश के लक्सर क्षेत्र का है।
लक्सर कोतवाली अंतर्गत कंकरखाता रसूलपुर स्थित जूनियर हाईस्कूल का प्रधानाध्यापक मोहम्मद रमजान जख्मी मंगलवार को स्कूल समय में कंप्यूटर रूम में लगे कंप्यूटर पर अश्लील फिल्म देख रहा था। एक छात्र ने प्रधानाध्यापक को देख लिया और उसने अन्य साथियों को यह बात बताई। इसके बाद वे छात्र घर आ गए और परिजनों को यह बात बताई। यह सुनकर ग्रामीण आक्रोशित हो गए और एकत्रित होकर स्कूल पहुंच गए।
ग्रामीणों ने कमरा खुलवाया तो उस समय भी प्रधानाध्यापक कंप्यूटर पर अश्लील फिल्म देख रहा था। ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। हंगामे की स्थिति देख अन्य अध्यापकों ने स्कूल की छुट्टी कर दी। मामले की जानकारी पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को पुलिस के हवाले करने से इंकार कर दिया। उन्होंने खंड शिक्षाधिकारी एचपी विश्वकर्मा को मौके पर बुलाने की मांग की।
खंड शिक्षाधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रधानाध्यापक को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह प्रधानाध्यापक के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई करेंगे। इसके बाद ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर को कब्जे में लेकर सील कर दिया। घटना के संबंध में ग्रामीण बीरबल ने प्रधानाध्यापक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।