जम्मू-कश्मीर में मुठभेड़ जारी, तीन जवान शहीद, लश्कर आतंकी ढेर

encounter, army personnel,श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के त्राल-पुलवामा में शुक्रवार को सुरक्षाबलों ने लश्कर के स्थानीय एरिया कमांडर बुरहान को मार गिराया। इस दौरान सेना के तीन जवान भी शहीद हो गए। मारे गए आतंकी के अन्य साथियों को जिंदा या मुर्दा पकड़ने के लिए सुरक्षाबलों ने अपना अभियान जारी रखा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक, त्राल जिले के बुच्छु गांव में आतंकियों का एक दल छिपे होने की सूचना मिलते ही वीरवार देर रात सेना की 3 आरआर के जवानों ने गांव का रुख किया। यह गांव जंगल के साथ सटा हुआ है।

जवानों ने गांव की घेराबंदी करने के बाद शुक्रवार सुबह करीब छह बजे गांव में तलाशी अभियान शुरू किया। सैन्यकर्मियों ने सभी ग्रामीणों को घरों से बाहर आने के लिए कहा, ताकि वह घरों में छिपे आतंकियों को जिंदा या मुर्दा पकड़ते हुए किसी प्रकार की नागरिक क्षति से बच सकें।

गांववालों को घरों से बाहर निकलते देख, आतंकी भी उनकी भीड़ में शामिल हो गए और उन्होंने जवानों पर ग्रामीणों की आड़ से ताबड़-तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें तीन जवान मौके पर ही शहीद हो गए। आतंकियों ने कथित तौर पर उनके हथियार उठाए और भाग निकले। यह जवान सुबह आठ बजे के करीब मारे गए।

अन्य जवानों ने उसी समय अपनी पोजीशन ली और जवाबी फायर करना चाहा, लेकिन ग्रामीणों में मची भगदड़ में ऐसा नहीं कर पाए। उन्होंने भाग रहे आतंकियों का पीछा किया। करीब दो घंटे बाद उन्होंने आतंकियों को फिर मुठभेड़ में उलझा लिया और लश्कर के एक आतंकी को मार गिराया।

मारे गए आतंकी की पहचान बुरहान के रूप में हुई है। वह लश्कर-ए-तोएबा का स्थानीय एरिया कमांडर था। वह त्राल के साथ सटे शरीफाबाद इलाके का रहने वाला था।

error: Content is protected !!