आधार सीडिंग एवं बैंक खाते से लिंकेज की धीमी प्रगति पर जिला कलक्टर ने जताई नाराजगी

bikaner samacharबीकानेर, 26 सितम्बर। मनरेगा के तहत जिले में आधार सीडिंग एवं लाभार्थी के बैंक खाते से आधार नंबर के लिंकेज की कम प्रगति पर जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रतिदिन इसकी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए तथा कहा कि डीबीटी के तहत सम्मिलित इस महत्त्वपूर्ण योजना के क्रियान्वयन में शिथिलता बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।

जिला कलक्टर ने सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी नरेगा योजना, डीबीटी के तहत सम्मिलित प्रमुख योजनाओं में से एक है। आधार सीडिंग, आधार का बैंक खाते के साथ लिंकेज तथा मनरेगा श्रमिकों से सहमति प्राप्त कर इसकी प्रविष्टि नरेगा सॉफ्ट में प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक सिर्फ 62 प्रतिशत आधार सीडिंग हुई है। वहीं सिर्फ आधार एवं बैंक खातों का लिंकेज 19 प्रतिशत हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकास अधिकारी को इसकी प्रभावी एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए जाएं तथा जिस स्तर पर लापरवाही हो रही है, उसकी सूचना दी जाए। उन्होंने कहा कि यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। इसमें किसी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

करने होंगे यह कार्य

जिला कलक्टर ने कहा कि आधार सीडिंग से शेष रहे सभी एक्टिव श्रमिकों से आधार अथवा ईआईडी नंबर प्राप्त कर मनरेगा सॉफ्ट में सीड करना, श्रमिकों को आधार नंबर के उपयोग एवं इसका लिंकेज बैंक खाते के साथ किए जाने के के संबंध में सहमति प्राप्त करते हुए इसका इंद्राज नरेगा सॉफ्ट में करना होगा। साथ ही इस सहमति के तहत, आधार का लिंकेज बैंक खाते के साथ करवाना तथा जिन एक्टिव श्रमिकों ने अभी तक आधार पंजीयन नहीं करवाया है, उनका पंजीयन करवाना होगा।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी. एल. मेहरड़ा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र सिंह पुरोहित, अधीक्षण अभियंता (जलग्रहण) सुखलाल मीना, सहायक अभियंता (मनरेगा) आराधना शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

—–

मौसमी बीमारियों से निपटने के हों पुख्ता इंतजाम

बीकानेर, 26 सितम्बर। जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने मौसमी बीमारियों से निपटने के पुख्ता बंदोबस्त के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि चिकित्सा विभाग द्वारा एंटीलार्वल गतिविधियां की जाएं तथा आईईसी गतिविधियों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया जाए।

जिला कलक्टर सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बदलते मौसम में होने वाली मौसमी बीमारियों के प्रति विभाग सतर्क रहे तथा निचले स्तर तक चिकित्साधिकारियों को अलर्ट रखें। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा एवं प्रचेता के सहयोग से ग्राम स्तर तक जागरूकता के प्रयास किए जाएं। उन्होंने भामाशाह स्वास्थ्य बीमा योजना के क्रियान्वयन में और गति लाने के निर्देश दिए तथा कहा कि वर्तमान में जिले में अब तक इक्कीस हजार से अधिक लोगों को इससे लाभांवित किया गया है। अधिक से अधिक निजी चिकित्सालयों को इस योजना से जोड़ने के प्रयास किए जाएं।

जिला कलक्टर ने बताया कि दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण विद्युतीकरण योजना के तहत अधिकृत कंपनी के माध्यम से नोखा, श्रीडूंगरगढ़ एवं लूणकरणसर में सर्वे कर लिया गया है। इन क्षेत्रों मे कार्य शीघ्र ही प्रारम्भ कर दिया जाएगा। उन्होंने नगर विकास न्यास, नगर निगम एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग को बरसात के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को दुरूस्त करने की कार्रवाई के निर्देश दिए। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति की स्थिति की समभ्ीक्षा की तथा नगर विकास न्याय क्षेत्र में रोड लाइटों की संख्या तथा चालू एवं बंद लाइटों की स्थिति से अवगत करवाने को कहा। उन्होंने कहा कि संपर्क पोर्टल पर नगर निगम, जोधपुर विद्युत निगम, प्रारम्भिक शिक्षा विभाग के 60 दिन से अधिक सर्वाधिक प्रकरण लंबित हैं। इनका त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने दूसरे विभागों को भी इस संबंध में निर्देशित किया।

बैठक के दौरान मुकाम मेले से पूर्व की जाने वाली तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला कलक्टर ने पेयजल, विद्युत, सार्वजनिक निर्माण तथा ग्रामीण विकास विभाग को सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। शहरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के तहत कार्यों का चिन्हिकरण, डीपीआर तैयार करने, विभिन्न संगठनों के साथ बैठकें आयोजित करने तथा समयसारिणी के अनुसार सभी कार्य करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) हरि प्रसाद पिपरालिया सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद थे।

——

जिला कलक्टर ने किया भामाशाह सुविधा शिविर का औचक निरीक्षण

बीकानेर, 26 सितम्बर। जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने सोमवार को बीकानेर पंचायत समिति परिसर में आयोजित भामाशाह सुविधा शिविर का औचक निरीक्षण किया। भामाशाह नामांकन, सीडिंग, श्रमिक पंजीयन सहित विभिन्न कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। विकास अधिकारी कक्ष में बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की तथा पंचायत समिति की विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर जिला कलक्टर ने कहा कि पंचायत समिति क्षेत्र के सभी ग्राम सेवक आधार सीडिंग एवं लाभार्थी के बैंक खाते से आधार नंबर के लिंकेज का 30 सितम्बर तक पूर्ण करें। संबंधित बैंकों से भी समन्वय रखा जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान के द्वितीय फेज के कार्यों की प्रगति के बारे में भी जाना। साथ ही प्रथम फेज में जल सरंचनाओं के पास हुए पौधारोपण का भौतिक सत्यापन इसी माह के अंत तक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मनरेगा के तहत वाटरशेड क्षेत्र में स्वीकृत कार्यों को भी एमजेएसए में लिया जाए।

विभिन्न शाखाओं का किया अवलोकन

जिला कलक्टर ने पंचायत समिति की नरेगा एवं जलग्रहण शाखा, पंचायत प्रसार अधिकारी एवं कम्प्यूटर कक्ष सहित विभिन्न शाखाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विभिन्न पत्रावलियों को व्यवस्थित रूप से संधारित करने के निर्देश दिए। साथ ही बने हुए भामाशाह कार्डों का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने को कहा। जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी नरेन्द्र सिंह ने बताया कि पंचायत समिति क्षेत्र में भामाशाह सीडिंग का कार्य प्रगति पर है। एनएफएसए के तहत 95.03, मनरेगा के तहत 69 तथा एसएसपी के तहत 95.14 प्रतिशत सीडिंग करवा दी गई है।

शिविर में 1 हजार से अधिक श्रमिकों का हुआ पंजीयन

बीकानेर पंचायत समिति में आयोजित भामाशाह सुविधा शिविर के पहले दिन 1 हजार 81 श्रमिकों का पंजीयन किया गया। ‘स्टॉप’ पेंशन के 31, पेंशन सीडिंग के 14 तथा नरेगा सीडिंग के 26 मामले निस्तारित हुए। शिविर में 512 लोगों का भामाशाह योजना के तहत पंजीयन किया गया। विकास अधिकारी कैलाश चौधरी ने बताया कि पंचायत समिति में मंगलवार को शिविर आयोजित होगा।

——

रणजीतपुरा की बजाय मोमासर में होगी रात्रि चौपाल

बीकानेर, 26 सितम्बर। आगामी 29 सितम्बर को होने वाली रात्रि चौपाल का स्थान परिवर्तित किया गया है। रात्रि चौपाल रणजीतपुरा की बजाय मोमासर में आयोजित होगी।

जिला कलक्टर वेदप्रकाश ने बताया कि पूर्व में कोलायत पंचायत समिति की रणजीतपुरा में रात्रि चौपाल का आयोजन रखा गया था। इसमें संशोधन करते हुए रात्रि चौपाल श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति में मोमासर में रखी गई है। इससे पहले सायं 4 बजे श्रीडूंगरगढ़ के पंचायत समिति सभागार में एडोप्टर अधिकारी, बीएलओ, भू.अ. निरीक्षकों व पटवारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी।

—–

समाज कल्याण सप्ताह के दौरात जनतचेतना दिवस मनाने के निर्देश

बीकानेर, 26 सितम्बर। संभागीय आयुक्त सुवालाल ने समाज कल्याण सप्ताह के दौरान जनचेतना दिवस मनाने के लिए विशेष दिशा निर्देश जारी किए हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 1 से 7 अक्टूबर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। एक अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस तथा सप्ताह में एक दिन जन चेतना दिवस मनाया जाएगा।

संभागीय आयुक्त सुवालाल ने संभाग के चारो कलक्टर्स को प्रभावी तरीके से जन चेतना दिवस मनाने के लिए जारी किए परिपत्र में बताया है कि जन चेतना दिवस का आयोजन जिला मुख्यालय के अनुसूचित जाति-जनजाति बाहुल्य क्षेत्र, स्लम एरिया एवं कच्ची बस्तियों में किया जाना अधिक उपयोगी होगा। आयोजन के लिए संबंधित क्षेत्र के समस्त निवासियों की सहभागिता प्राप्त करने के साथ-साथ संबंधित क्षेत्र के वार्ड पार्षद को भी आवश्यक रूप से आमंत्रित किया जाये। आयोजन स्थल पर सामाजिक न्याय अधिकारिता विभाग, श्रम कल्याण विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न प्रकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित पेम्फलेट, स्टीकर एवं अन्य प्रचार प्रसार सामग्री आदि प्रदर्शित करने के साथ-साथ योजनाओं पर विभागीय अधिकारियों द्वारा व्याख्यान भी आयोजित किये जायें।

संभागीय आयुक्त ने निर्देश दिए कि जन चेतना दिवस पर सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अन्तर्गत स्वीकृत की जाने वाली विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं की मौके पर ही स्वीकृति जारी करने की कार्यवाही की जाए। इसके लिए आवश्यक स्टेशनरी (यथा-आवेदन पत्र आदि) की व्यवस्था हेतु सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी द्वारा छात्रवास अधीक्षक व कार्यालय के संबंधित कार्मिंक को पाबंद किया जाये। समाज कल्याण सप्ताह आयोजन से पूर्व जिले में संचालित समस्त छात्रावास, नारी निकेतन आदि का सघन निरीक्षण सुनिश्चित करवाने के भी निर्देश दिए।

—–
– मोहन थानवी

error: Content is protected !!