भाजपा चलाएगी जनजागरण अभियान

अगले साल होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी भाजपा एक माह प्रदेश में भ्रष्टाचार,महंगाई और कांग्रेस के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाएगी। 11 अक्टूबर से 20 नवम्बर तक चलाए जाने वाले अभियान के तहत जिला मुख्यालय से लेकर ग्राम पंचायत तक जन जागरण अभियान चलाया जाएगा।

वरिष्ठ नेताओं की कोर कमेटी, प्रदेश पदाधिकारियों एवं सांसद, विधायकों की सोमवार को हुई बैठक में आंदोलन की रणनीति तय की गई। प्रदेश प्रभारी कप्तान सिंह सोलंकी की मौजूदगी एवं प्रदेश अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला से लेकर ग्राम पंचायत तक रैली आयोजित करने और आम मतदाताओं को बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।

इस दौरान केंद्र की यूपीए सरकार एवं राज्य की अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ जागरूक किया जाएगा। इसी के तहत 12 अक्टूबर को जिला मुख्यालयों पर जिला स्तर पर प्रदर्शन होगा।

error: Content is protected !!