किसान मोर्चा के कार्यक्रम में वसुंधरा राजे का स्वागत

जयपुर। प्रतिपक्ष की नेता श्रीमती वसुन्धरा राजे सोमवार दोपहर अचानक भाजपा किसान मोर्चा के कार्यक्रम में पहुंची। जहां श्रीमती राजे का किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। श्रीमती राजे ने भी अपने सम्बोधन में साफ कहा कि मैं भी आप ही की तरह भाजपा की एक छोटी कार्यकर्ता हूं। आपके बीच आकर धन्य हो गई हूं। उन्होंने ये भी कहा कि जिलों में ऐसे कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किये जायेंगे।
हुआ यूं कि भाजपा प्रदेश कार्यालय के प्रथम तल पर सोमवार को दोपहर 12 बजे भाजपा के कौर ग्रुप की बैठक आयोजित की गई थी। जिसमें श्रीमती राजे भी शरीक हुई थी। बैठक के बाद जब राजे नीचे आई तो उन्हें पता चला कि स्वर्गीय सुन्दर सिंह भण्डारी सभागार में भाजपा किसान मोर्चा का कार्यक्रम चल रहा है। वे सीधी उस कार्यक्रम में पहुंच गई। जहां श्रीमती राजे को अचानक अपने बीच पाकर किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं में उनसे मिलने की होड सी मच गई।
किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. सांवरलाल जाट, किसान मोर्चा के जयपुर संभाग प्रभारी रामचरण बोहरा, प्रदेश मंत्री गणेश माहुर ने श्रीमती राजे, मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. धनकड़ और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुभाष महरिया का स्वागत किया। भाजपा के सचेतक राजेन्द्र राठौड़, पूर्व मंत्री डॉ. दिगम्बर सिंह का भी किसान मोर्चा के पदाधिकारियों ने स्वागत किया।
श्रीमती राजे ने इस मौके पर कहा कि यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे प्रदेश की जनता और आप जैसे कार्यकर्ताओं का प्यार और आशीर्वाद मिला। यदि मौका मिला तो आपके चेहरों पर फिर से मुस्कान लाकर रहूंगी। लेकिन ये काम कोई अकेला नहीं कर सकता। हम सब मिलकर आगे बढ़ेंगे तभी कामयाब होंगे।
श्रीमती राजे ने कहा कि उन्हें 2003 में जनता ने अवसर दिया तो पांच साल तक प्रदेश के लिए जो बन पड़ा मन से किया। किसानों के हितों का ख्याल रखा। लोग आज आपकी उस सरकार को याद करते हैं। आज भी सत्तर-अस्सी फीसदी लोग हमारी और आपकी भाजपा सरकार को सराह रहे है।

error: Content is protected !!