बीकानेर, 17 जुलाई। वेटरनरी विश्वविद्यालय के सर्जरी एवं रेडियोलॉजी विभाग में डिमस्का सेन्टर के वैज्ञानिकों ने श्वानों के नेत्र संबंधी रोगों के निदान और आधुनिक शल्य क्रिया में उन्नत उपकरणों के उपयोग से देश में एक अलग पहचान बनाने में सफलता हासिल की है। राजुवास में डिमस्का केन्द्र के सह प्रमुख अन्वेषक और नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुरेश कुमार झीरवाल द्वारा 14-15 जुलाई को चैन्नई, तनुवास में श्वानों में इलेक्ट्रोरेटिनोग्राफी के उपयोग पर आयोजित राष्ट्रीय कार्यशाला में पेपर प्रस्तुत किया गया। विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिकों ने राजुवास में केनाइन आफ्थेलमालॉजी में किए जा रहे कार्यों को उच्च कोटि का बताते हुए केन्द्र की गतिविधियों को देखने की इच्छा व्यक्त की है। केन्द्र के प्रमुख अन्वेषक डॉ. प्रवीण बिश्नोई ने बताया कि राजुवास में श्वानों की शल्य क्रिया की संम्पूर्ण जांच के लिए टोनोमेट्री और इलेक्ट्रोरेटिनोग्राफी का उपयोग किया जा रहा है। श्वानों की नेत्र शल्य क्रिया चिकित्सा की इ.आर.जी. में यह देश का दूसरा प्रमुख केन्द्र है। राजुवास के शल्य चिकित्सा विशेषज्ञ प्रो. टी.के. गहलोत ने बताया कि विश्वविद्यालय के केन्द्र द्वारा श्वानों की नेत्र शल्य चिकित्सा में बढ़त का लाभ अन्य संस्थानों के वैज्ञानिकों को भी मिलेगा।
समन्वयक
जनसम्पर्क प्रकोष्ठ