बीकानेर, 18 सितम्बर 2017 । राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में आज कैडेट्स की कुछ अलग तरह की गतिविधियां रही । कैडेट्स कदमताल कर रहे थे । दो तीन काउंटरों पर उन्हें पंजीकृत किया जा रहा था। दरअसल कॉलेज में सातवीं राजस्थान बटालियन एनसीसी बीकानेर का संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर शुरू हुआ जिसमें 600 एनसीसी कैडेट्स व आठ एनसीसी आफिसर भाग ले रहे हैं।
कैम्प कमान्डेंट ले. कर्नल प्रशांत दहिया ने बताया कि शिविर के दौरान कैडेट्स को ड्रिल, हथियार, मैप रीडिंग व टैक्टिस, डिजास्टर मैनेजमेंट की ट्रैनिंग दी जाएगी तथा सामाजिक उत्थान के कार्यों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि शिविर में बीकानेर, हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, चुरू, बाडमेर व जोधपुर के स्कूल कॉलेजों के एनसीसी कैडेट्स भाग ले रहे हैं। सोमवार को कैडेट्स का पंजीयन किया गया। शिविर के दौरान स्वच्छ भारत अभियान, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जनजागरण के लिए रैली निकाली जाएगी तथा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा।
– मोहन थानवी