बीकानेर, 15 नवंबर। केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास, गंगा पुनरोद्धार तथा संसदीय कार्य राज्यमंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल ने बुधवार को सांसद आदर्श ग्राम बीकमपुर पाइप्ड जलयोजना का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आदर्श ग्राम बीकमपुर में सभी आधारभूत सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। सांसद आदर्श ग्राम बीकमपुर पाइप्ड जलयोजना इसी श्रृंखला की एक कड़ी है। इस योजना के लिए 316.67 लाख रूपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे बीकमपुर, बीकोलाई, बेलदारों की ढाणी, चैनपुरा तथा नाइयों की ढाणी के लगभग साढ़े तीन हजार ग्रामीणों को शुद्ध एवं गुणवत्तायुक्त पेयजल मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि योजना के तहत 3 डिग्गियों की मरम्मतीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, रेपिड ग्रेविटी फिल्टर तथा 100 किलोलीटर के स्वच्छ जलाशय का निर्माण, पम्प हाउस में नए मोटर पम्प लगाने, डयरेक्ट पावर फीडर, चार दीवारी निर्माण तथा पाइपलाइन से संबंधित कार्य सम्मिलित हैं।
वर्तमान में दो डिग्गियों की सफाई, मरम्मतीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा एक का कार्य प्रगतिरत है। सौ किलोलीटर स्वच्छ जलाशय तथा लगभग 600 मीटर चारदीवारी निर्माण, मुख्य हैडवक्र्स बीकोलाई एवं आरडी 118 से नाइयों की ढाणी तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। मुख्य हैडवक्र्स से बीकमपुर उच्च जलाशय तक डीआई पाइपलाइन बिछाने का कार्य प्रगति पर है। गत सितम्बर तक इस योजना के तहत 95 लाख 96 हजार 307 रूपये के कार्य करवाए जा चुके हैं। केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री ने बचे हुए कार्य को अतिशीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सिंह, कोलायत उपखण्ड अधिकारी जयसिंह मेघवाल, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियंता (ग्रामीण) विजय वर्मा, रघुवीर सिंह राव मौजूद थे।
अधिकारियों की ली बैठक, जानी प्रगत
श्री मेघवाल ने बीकमपुर के अटल सेवा केन्द्र में अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत करवाए जाने वाले विभिन्न कार्यों की समीक्षा की तथा कहा कि इन कार्यों से जुड़े अधिकारी भी प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग करें। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार की मंशा है कि सांसद आदर्श गांव में समस्त सुविधाएं हों। आदर्श गांव, साफ-सुथरा एवं स्वच्छ गांव बने। नशा मुक्त एवं वाद मुक्त हो तथा शिक्षा के पर्याप्त अवसर मिलें। इसे साकार करने में अधिकारियों के साथ, ग्रामीणों की भूमिका भी महत्त्वपूर्ण है।
बैठक के दौरान श्री मेघवाल ने गांव में शिक्षा, चिकित्सा, सड़क विकास से जुड़े मुद््दों की समीक्षा की। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में बीकमपुर पीएचसी पर नियुक्त चिकित्सक को कोलायत प्रतिनियुक्त कर दिया है। इससे गांव की चिकित्सा व्यवस्था प्रभावित हुई है। श्री मेघवाल ने तत्काल यह प्रतिनियुक्ति रद्द करने के निर्देश दिए। बीकमपुर में एम्बूलेंस की व्यवस्था शीघ्र करवाने, विद्यालय में रमसा के तहत कक्षा कक्ष बनवाने, पंचायत के माध्यम से पब्लिक पार्क एवं खेल मैदान बनवाने के संबंध में भी निर्देश दिए। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अभियंता ने बताया कि बीकमपुर में ग्रामीण गौरव पथ का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा वर्तमान में पीएमजीएसवाई के तहत सड़क निर्माण चल रहा है।
बैठक में बताया गया कि बीकमपुर में ड्रेनेज व्यवस्था पर जनसहभागिता योजना के तहत 1 करोड़ 10 लाख रूपये व्यय होंगे। इसमें से 33 लाख रूपये जनसहयोग द्वारा एकत्रित हो चुके हैं। इस कार्य की स्वीकृति के लिए सरकार को प्रकरण शीघ्र ही भिजवा दिया जाएगा। इस दौरान श्री मेघवाल ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अजीत सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग की उपनिदेशक रचना भाटिया, उपखण्ड अधिकारी जयसिंह, अधिशाषी अभियंता संगीता सोलंकी, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा आदि मौजूद थे।