बीकानेर, 23 नवंबर। मतदाता जागरुकता अभियान के तहत शुक्रवार को वल्लभ गार्डन स्थित विनायक पब्लिक स्कूल में शशिबाला स्मृति चेरिटेबल ट्रस्ट तथा वल्लभ गार्डन विकास मंच के संयुक्त तत्वावधान् में पोस्टर्स एवं स्लोगन प्रदर्शनी आयोजित की गई। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली भी समझी तथा 7 दिसम्बर को होने वाले विधानसभा आम चुनावों में शत-प्रतिशत भागीदारी का संकल्प लिया। स्वीप प्रकोष्ठ सदस्य प्रवीण टाक ने मतदान के महत्त्व के बारे में बताया तथा कहा कि कोई भी व्यक्ति मताधिकार के उपयोग से वंचित नहीं रहे। मंच के विवेक मित्तल ने कहा कि लगातार आयोजित हो रहे कार्यक्रमों से आमजन में जागरुकता आएगी तथा मतदान का प्रतिशत बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मंच का प्रयास रहेगा कि वल्लभ गार्डन क्षेत्र का प्रत्येक मतदाता, मतदान अवश्य करे। इस दौरान विजय सिंह चैहान, रामचंद्र मुलू, जाकिर उस्ता, श्याम सुंदर तथा मेघराज सोलंकी सहित अन्य लोगों ने अपने विचार रखे।
शनिवार को दो स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
मतदाता जागरुकता अभियान की श्रृंखला में शनिवार को दो स्थानों पर ईवीएम-वीवीपैट का प्रदर्शन तथा कठपुतली शो का आयोजन किया जाएगा। प्रातः 9 बजे बंगलानगर स्थित विलिएंट पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम होगा। अतिरिक्त जिला कलक्टर नगर तथा बीकानेर पश्चिम के रिटर्निंग अधिकारी शैलेन्द्र देवड़ा मतदान के महत्त्व के बारे में बताएंगे। वहीं सायं 5ः30 बजे लक्ष्मीनाथ मंदिर परिसर में स्थानीय नागरिकों द्वारा शत-प्रतिशत मतदान की शपथ ली जाएगी।