कांग्रेस चिंतन शिविर अफसरों के लिए परीक्षा

 कांग्रेस चिंतन शिविर चाहे पार्टी का आयोजन बताया जा रहा हो, लेकिन इसे सफल बनाने में पूरी राजस्थान सरकार जुट गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद आयोजन पर निगरानी रख रहे है। मुख्यमंत्री के निकट माने जाने वाले एक दर्जन आईएएस, 20 आईपीएस, एक सौ से अधिक राजस्थान प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों सहित करीब चार हजार सरकारी अधिकारी और कर्मचारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई है।

इन अधिकारियों, कर्मचारियों ने पिछले दो दिन से अपनी जिम्मेदारी संभाल रखी है, सरकार का हुक्म नहीं मानने वाले दस आरएएस अधिकारियों को निर्देश नहीं मानने पर नोटिस जारी किया गया है। हालांकि सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सीधे तौर पर तो कांग्रेस के राजनीतिक कार्यक्रम चिंतन शिविर से कोई लेना-देना नहीं है, लेकिन अन ऑफिशिलय इन्हें ड्यूटी पर लगाया गया है। सभी सरकारी कर्मचारियों को सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक ड्यूटी देने को कहा गया है।

राजस्थान प्रशासनिक सेवा, पुलिस सेवा के एक-एक अधिकारी को केन्द्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों, विधायक दल के नेताओं, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्यों की मेजबानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अतिरिक्त अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ भी सरकारी अधिकारियों प्रोटोकॉल में लगाया गया है।

यह अधिकारी नेताओं की सुविधाओं का ध्यान रखने के साथ ही उन्हें यह भी बताएंगे कि प्रदेश की अशोक गहलोत सरकार ने क्या-क्या महत्वपूर्ण निर्णय किए है। इन अधिकारियों को गहलोत सरकार की उपलब्धियों की पुस्तिका भी दी गई है जो वे नेताओं को देंगे। मुख्यमंत्री के निकट माने जाने वाले चार आईएएस अधिकारी बिड़ला सभागार,राजभवन सहित अन्य स्थानों पर निगरानी रखेंगे।

शिविर में आने वाले नेताओं के लिए सरकारी कारों के अतिरिक्त निजी ट्रेवल कंपनियों से भी कारें मंगवाई गई है, प्रदेश का परिवहन विभाग इसकी जिम्मेदारी संभाल रहा है। बिजली, पानी और सफाई से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए और इन्हें हर समय कार्यालय में मौजूद रहने के लिए कहा गया है। जयपुर नगर निगम के कर्मचारियों को रात-दिन सफाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जयपुर के अतिरिक्त अन्य जिलों से भी सुरक्षा के लिए पुलिस बल को बुलाया गया है।

शिविर में शामिल होने के लिए अधिकांश केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस कार्यसमिति सदस्य, मुख्यमंत्री, विधायक दल के नेता आज शाम तक जयपुर पहुंच गए। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव राहुल गांधी विशेष विमान से शुक्रवार 1:50 बजे जयपुर पहुंचेंगे। ये राजमहल पैलेस होटल में रात्रि विश्राम करेंगे।

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह शुक्रवार को 11:50 बजे विशेष विमान से पहुंचेंगे और वे राजभवन में ठहरेंगे। शिविर में आने वाले अन्य नेताओं को विभिन्न होटलों में ठहराया गया है।

error: Content is protected !!