कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र को जिंदा रखने का काम किया है

a gahalot 7जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि देश और प्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने लोकतंत्र को जिंदा रखने का काम किया है। लोकतंत्र में घमंडी लोग सरकार बना लेते हैं तो लोकतंत्र कामयाब नहीं होता है। राजस्थान में पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने अपनी सरकार अहंकार और घमंड से चलाई, जिसे जनता को बताने की जरुरत नहीं है, वे इसे अच्छी तरह जानती है।

गहलोत ने गुरूवार को बारां से अपनी संदेश यात्रा प्रारम्भ की और वे सहरिया समुदाय के बीच पहुंचे। बारां शहर में उनका ढेरों जगह ऎसा भव्य स्वागत हुआ कि सहरिया बाहुल्य मामूनी के देवरी उपरेटी में आयोजित सभा में पहुंचने में उन्हें पांच घंटे लग गए। उन्होंने रास्ते में सहरिया समाज के लोगों से भी रुककर आत्मीयता से बातचीत की और उनसे सरकार की ओर से किए जा रहे कामों के बारे में जाना। देवरी-उपरेटी में सभा सुबह 11 बजे होनी थी, लेकिन चार बजे वे यहां पहुंच सके। सहरियों पर सरकार और गहलोत का जादू ऎसा छाया हुआ था कि वे इसके बावजूद यहां गहलोत को सुनने के लिए जमे रहे। उन्होंने यहां उमड़े सहरियों के सैलाब को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार का काम जनता के काम करना होता है। उन्हें राहत पहुंचाने का होता है। वे मुख्यमंत्री रहते हुए भी दो बार सहरियों के बीच आए। एक बार तो दीपावली भी सहरियों के साथ मनाई। लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे कभी भी उनके हाल-चाल जानने और उनकी समस्या जानने उनके बीच नहीं आई। अब यात्रा लेकर प्रदेश में घूम रहीं है। वसुन्धरा सरकार को आप सबने देखा है और हमारी सरकार को भी देखा है। वे घमंड और अहंकार में ही रहे। लोकतंत्र में घमंडी लोग कभी कामयाब नहीं होते हैं। भाजपा अपनी यात्रा का खूब प्रचार प्रसार कर रहे हैं। वे मध्यप्रदेश की तारीफें कर रही हैं। वसुन्धरा राजे कह रही हैं राजस्थान में भूख से मौतें हो गई, लेकिन प्रदेश में कहीं भी मौतें नहीं हुई है। मौतें तो मध्यप्रदेश में हुई हैं। चार हजार लोगों ने आत्महत्या कर ली। वहां के कितने बुरे हालात है, यह सब जानते हैं। वहां के लोग हमारे राजस्थान के सटे जिलों में आकर मुफ्त दवा और इलाज का फायदा ले रहे हैं। यहां आकर डीजल खरीद रहें हैं। झूठ पर झूठ बोल रहे हैं, लेकिन एक झूठ सौ बार बोलने से वे सोच रहे हैं झूठ सच हो जाएगा। लेकिन अब उनकी पोल खुल चुकी है। इसलिए जनता को उनकी अफवाहों से सावधान रहना चाहिए। उनकी सरकार थी तो हमारे बारां विधायक प्रमोद जैन भाया ने एक हजार युवक-युवतियों का सामूहिक विवाह करवाया मैं भी उसमें गया था। लेकिन उन्होंने हम पर केस ठोक दिया। उनकी ओछी हरकतें सबने देखी। हमने जनता के लिए ढेरों योजनाएं बनाई। आदिवासियों और सहरियों के लिए पैसे की कमी नहीं आने दी। अब जनता को चाहिए कि जनराहत की इन योजनाओं का पूरा फायदा उठाए। विकास और राहत के लिए कांग्रेस को मजबूत करे और आगामी चुनावों में कांग्रेस को फिर से वोट दे।
विरोध का आधार होना चाहिये – चन्द्रभान
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. चन्द्रभान ने सभाओं में कहा कि विपक्ष का काम विरोध करने का होता है, वे मुखालफत करें भी लेकिन उनका आधार होना चाहिए। वसुन्धरा केवल मुख्यमंत्री बनने के लिए झूठा प्रचार कर रही है। सरकार का नहीं छह करोड़ लोगों का झूठ बोलकर अपमान कर रही हैं। सत्ता पाने के लिए वे लोगों को बहका रहे हैं, उनसे सावचेत रहना है। सुराज गांव-गरीब का भला करने और अंतिम पंक्ति में बैठें लोगों के काम करने से आता है, जो हमारी सरकार ने किया है। सहरियों में वसुन्धरा राजे कभी आई नहीं और अब वोट मांगती फिर रही है। प्रदेश का विकास कांग्रेस में है। इसलिए जनता को चाहिए कि वे कांग्रेस को मजबूत करे ताकि देश मजबूत हो सके।

error: Content is protected !!