धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी अजमेर की पहचान बने फाल्गुन महोत्सव को लेकर शहरवासियों में आकर्षण बढ़ता ही जा रहा है। फाल्गुन महोत्सव 23 मार्च को अजमेर के जवाहर रंगमंच पर होगा। प्रतिवर्ष इस महोत्सव का आयोजन शहर के पत्रकार, रंगकर्मी, साहित्यकार, समाजसेवी, राजनीतिज्ञ, खिलाड़ी आदि मिलकर करते हैं। हर वर्ष की तरह इस बार भी नगर निगम, अजमेर विकास प्राधिकरण, अजमेर डेयरी आदि का सहयोग मिला है। प्रमुख चौराहों पर लगे होर्डिंग्स से आकर्षण और बढ़ गया है। शहरवासी यह जानने को उत्सुक हैं कि इस बार महामूर्ख का खिताब किसे मिलेगा। साथ ही राजनेताओं, अधिकारियों और समाज के प्रतिनिधियों में से मूर्ख राज किन-किन को चुना जाएगा। महोत्सव का सबसे आकर्षक कार्यक्रम अवार्ड का है। इस कार्यक्रम में सभी वर्गों के प्रतिनिधियों को उनकी प्रवृत्ति के अनुरूप अवार्ड से नवाजा जाता है। बड़े प्रशासनिक अधिकारी और राजनेता जब अवार्ड हांसिल करने के लिए मंच पर आएंगे तो उनकी प्रवृत्ति के अनुरूप फिल्मी गाना भी गाया जाएगा। अवार्ड देने से पहले संबंधित व्यक्ति को होली के माहौल में सजाया जाता है। पिछले एक पखवाड़े से महोत्सव की तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही है। विभिन्न कमेटियां आयोजन की तैयारियों को लगी हुई हैं। महोत्सव को और होली के माहौल में रंगने के लिए इस बार नए प्रयोग किए गए हैं। शहर की ताजा राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक, आपराधिक घटना पर शानदार झलकियां भी प्रस्तुत की जाएगी। मंत्री, विधायक बड़े प्रशासनिक अधिकारी आदि महोत्सव में मौजूद रहे, इसके लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
10 ईनाम:
महोत्सव में सभी उपस्थित लोगों को कूपन दिया जाएगा, जिसके माध्यम से 10 ईनाम दिए जाएंगे। प्रथम ईनाम एम.पी.नानकराम साइकिल कंपनी के ललित नागरानी की ओर से एटलस रेंजर साइकिल है। इसी प्रकार न्यू कुवेरा कलेक्शन संस्थान की ओर से दो आकर्षक पुरस्कारों के साथ-साथ 7 अन्य बड़े पुरस्कार भी वितरित किए जाएंगे। इसी प्रकार महोत्सव समिति की ओर से सभी दर्शकों को अल्पाहार उपलब्ध करवाया जाएगा।
18 मार्च को बैठक:
महोत्सव की तैयारियों में जुटे सभी कार्यकर्ताओं की एक बैठक 18 मार्च को अजमेर के इंडोर स्टेडियम में दोपहर 12 बजे रखी गई है। इस बैठक में महोत्सव के सभी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।
एस.पी. मित्तल) (17-03-2016)
(spmittal.blogspot.in) M-09829071511