नाकोड़ा में महावीर इंटरनेशनल का दो दिवसीय प्रशिक्षण एवं गवर्निंग काउंसिल बैठक सम्पन्न

नाकोड़ा। महावीर इंटरनेशनल द्वारा नाकोड़ा में आयोजित दो दिवसीय पदाधिकारी प्रशिक्षण, सम्मान समारोह एवं गवर्निंग काउंसिल बैठक सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। इस महत्वपूर्ण आयोजन में देशभर से संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लेकर संगठनात्मक, सामाजिक एवं भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श किया।
रीजन-3 के उपनिदेशक (प्रचार-प्रसार) कमल गंगवाल एवं अजयमेरु केंद्र के चेयरमैन गजेंद्र पंचोली ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत उद्घाटन सत्र में दीप प्रज्वलन एवं स्वागत उद्बोधन के साथ विभिन्न अंतरराष्ट्रीय पदाधिकारियों द्वारा अपने विचार व्यक्त किए गए। अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा सदस्यों के साथ संवाद किया गया, वहीं पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्षों ने अपने आशीर्वचन प्रदान किए। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री प्रकाश टाटिया ने अपने संबोधन में संगठन की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की त्रैमासिक पत्रिका “महावीर प्रवाह” का विमोचन तथा पर्यावरण संरक्षण बैनर का अनावरण भी किया गया। प्रशिक्षण सत्र में पदाधिकारियों के दायित्व, संगठन की कार्यप्रणाली एवं बैंकिंग एवं लेखा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा की गईं।
इस अवसर पर पास्ट प्रेसिडेंट शांति लाल कावड़ ने वर्तमान संविधान में समयानुकूल संशोधन की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं सूरत के श्री डांगी ने संस्था की नवीनीकृत हो रही वेबसाइट के प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।
कार्यक्रम के प्रथम दिन की संध्या को सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इसमें रूमा देवी ने अपने उद्बोधन में बताया कि किस प्रकार कठिन परिस्थितियों में भी आगे बढ़ा जा सकता है, वहीं पियूष पंवार ने अपने गीतों के माध्यम से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
अजमेर से अंतरराष्ट्रीय उपाध्यक्ष नरेंद्र कुमार रांका, ज़ोन चेयरमैन बाबूलाल जैन, पदमचंद जैन, गजेंद्र पंचोली, अनिल लोढ़ा, प्रेम कुमार जैन, मनोहर जैन इनानी एवं डॉ. यादव सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने, सेवा कार्यों को विस्तार देने एवं आपसी समन्वय बढ़ाने के संकल्प के साथ हुआ।
error: Content is protected !!