प्रत्येक आगन्तुक का हो शिविर अवधि में ही कार्य – श्री देवनानी
48 कच्ची बस्तियां हुई नगर निगम को सुपुर्द, प्रत्येक कच्ची बस्ती को मिलेंगे पट्टे
नहीं बचेगी कोई भी कच्ची बस्ती पट्टे से
अजमेर, 7 जुलाई। नगर निगम के नवीन भवन में आयोजित हो रहे शहरी सेवा शिविर का मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी के द्वारा निरीक्षण कर आगन्तुकों के कार्य शिविर अवधि में पूर्ण करने के निर्देश अधिकारियों को प्रदान किए।
विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने कहा कि 48 कच्ची बस्तियां अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा नगर निगम को सौंपी गई है। इन कच्ची बस्तियों के पट्टे बनने की प्रक्रिया आरम्भ कर दी गई है। अब तक शिविर में 260 से अधिक पट्टे कच्ची बस्तियों के वितरित किए गए है। अब अजमेर शहर की समस्त कच्ची बस्तियों को पट्टे मिलेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी कच्ची बस्ती पट्टे से वंचित नही रहनी चाहिए। मंगलवार को संजय नगर बोराज एवं नागफनी क्षेत्र के 35 पट्टे वितरित किए गए।
श्री देवनानी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान करना सरकार की पहली प्राथमिकता है। समस्त अधिकारी तथा कार्मिक एक ही स्थान पर एक छत के नीचे बैठकर आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण करने के लिए सरकार ने इस तरह के शिविर आयोजित किए है। इनमें पहुंचकर प्रत्येक व्यक्ति को अपने कार्य करवाने चाहिए। साथ ही अन्य व्यक्तियों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। इसमें सामाजिक कार्यकत्र्ता एवं जनप्रतिनिधि महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविर के आने वाले प्रत्येक आगन्तुक का कार्य शिविर अवधि में ही होना चाहिए। कोई दस्तावेज कम होने पर अभ्यर्थी को इसके लिए अवसर देना चाहिए। दस्तवेजों की पूर्व जांच आवश्यक है। निगम द्वारा पहली बार कच्ची बस्तियों के पट्टे जारी किए जा रहे है। इनका अधिकतम व्यक्तियों को लाभ लेना चाहिए। शिविर में आने वाले व्यक्ति को किसी कार्य के लिए निर्धारित व्यक्ति से सीधा संवाद करना चाहिए।
विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्टॉल पर जाकर प्रगति की जानकारी ली। शिविरों के लिए निर्धारित कार्यों में से कम प्रगति वाले कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश दिए। इस दौरान क्षेत्र के समस्त हैण्डपम्प मरम्मत करने के लिए कहा गया। इसके लिए शिकायत का इन्तजार नहीं करें। विभाग द्वारा नियमित पेयजल सप्लाई सुनिश्चित की जाए। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के पात्र परिवारों की ई-केवाईसी कराएं। रोड़ लाईटों का कार्य निगम के स्तर पर सर्वे कर अग्रीम ठीक करवाएं। टाटा पावर द्वारा झूलते तथा लटकते तारों को विशेष रूप से गलियों में ठीक करने की आवश्यकता है। सिवरेज कनेक्शन सभी आवेदनों कनेक्शन दें।
नगर निगम आयुक्त श्रीमती नित्या के. ने कहा कि शहरी सेवा शिविरों से बड़ी संख्या में व्यक्ति लाभान्वित हो रहे है। इस कारण आगन्तुकों तथा नवीन आवेदनों की संख्या लगातार बढ़ रही है। अजमेर विकास प्राधिकरण द्वारा 48 कच्ची बस्तियां नगर निगम को स्थानान्तरित की गई थी। इस कारण इन्हें निगम द्वारा पट्टा जारी करने की कार्यवाही किया जाना सम्भव हो सका। पट्टे जारी करने के लिए टीम बनाकर कार्य किया गया। उन्होंने शिविरों के दौरान हुई प्रगति से भी अवगत कराया।
शिविर में लाभार्थियों को शिविर के दौरान बनाए गए दस्तावेज सौंपकर लाभान्वित किया गया। इनमें कच्ची बस्ती पट्टा, अग्नि अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना प्रमुख है। प्रधानमंत्री स्वनिधी योजना के लाभार्थी श्री श्रवण कुमार, श्री मुकेश नाथ, श्री पुष्पेन्द्र यादव तथा श्री श्यामलाल को ऋण राशि की किस्त डीबीटी के माध्यम से मिली।
इस अवसर पर नगर निगम उपायुक्त श्री श्रवण सिंह एवं श्रीमती नीलू गुर्जर, अतिरिक्त मुख्य अभियन्ता सहित अधिकारी, कार्मिक एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।